एटक के बेंगलुरु राष्ट्रीय अधिवेशन में धनपुरी के कामरेड राजेश चंद शर्मा जनरल काउंसिल सदस्य चुने गए। अमरजीत कौर राष्ट्रीय महासचिव और के. सुब्बारैया राष्ट्रीय अध्यक्ष बने।
मोहम्मद हारून
धनपुरी कोयलांचल क्षेत्र
दैनिक स्वराज वाण
एटक के राष्ट्रीय अधिवेशन में धनपुरी के कामरेड राजेश चंद शर्मा को मिली बड़ी जिम्मेदारी, जनरल काउंसिल सदस्य चुने गए
बेंगलुरु में संपन्न हुआ ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस का राष्ट्रीय अधिवेशन, अमरजीत कौर बनीं राष्ट्रीय महासचिव और के. सुब्बारैया राष्ट्रीय अध्यक्ष
धनपुरी/बेंगलुरु। ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस (एटक) का राष्ट्रीय अधिवेशन बेंगलुरु में उत्साह, एकजुटता और श्रमिक हितों के संकल्प के साथ संपन्न हुआ। अधिवेशन में देशभर से आए सैकड़ों प्रतिनिधियों एवं श्रमिक नेताओं ने भाग लेकर मजदूरों के अधिकार, वेतन, सुरक्षा, पेंशन, चिकित्सा सुविधाओं और ठेका श्रमिकों की समस्याओं पर विचार-विमर्श किया।
अधिवेशन के दौरान नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया। इसमें कामरेड अमरजीत कौर को राष्ट्रीय महासचिव तथा कामरेड के. सुब्बारैया को राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया। प्रतिनिधियों ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन देशभर में मजदूरों की आवाज को और मजबूती से उठाएगा।
इस अधिवेशन में मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ को भी राष्ट्रीय नेतृत्व में महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व मिला। छत्तीसगढ़ राज्य एटक से एसकेएमएस एटक के महासचिव कामरेड अजय विश्वकर्मा को वर्किंग कमेटी सदस्य चुना गया।
वहीं मध्यप्रदेश के एसईसीएल सोहागपुर क्षेत्र से एसकेएमएस एटक के उप महासचिव एवं क्षेत्रीय श्रमिक नेता कामरेड राजेश चंद शर्मा को सर्वसम्मति से जनरल काउंसिल सदस्य चुना गया। यह उपलब्धि धनपुरी और सोहागपुर क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है।
कामरेड राजेश चंद शर्मा लंबे समय से कोयला श्रमिकों के अधिकारों, वेतन, भत्ते, पेंशन, चिकित्सा सुविधाओं और कार्यस्थल की सुरक्षा जैसे मुद्दों को लेकर सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उनके चयन को संगठन के प्रति समर्पण और श्रमिक हितों में किए गए कार्यों का सम्मान माना जा रहा है।
उनके चयन की खबर धनपुरी पहुंचते ही एटक कार्यकर्ताओं, कोयला श्रमिकों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई। विभिन्न श्रमिक संगठनों के पदाधिकारियों एवं समर्थकों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।
अधिवेशन के समापन पर प्रतिनिधियों ने मजदूरों की एकता, अधिकारों और सम्मान की लड़ाई को और अधिक मजबूती से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

