बुढ़ार में SECL सोहागपुर क्षेत्र की पहल पर स्थापित भव्य खनिक प्रतिमा का सांसद हिमाद्री सिंह ने अनावरण किया। रीजनल वर्कशॉप के कुशल कारीगरों ने तैयार की प्रतिमा, खनिकों के योगदान को मिला सम्मान।
बुढ़ार में खनिकों की गौरवगाथा को मिला सम्मान, सांसद हिमाद्री सिंह ने किया भव्य प्रतिमा का अनावरण
दैनिक स्वराज वाणी
मोहम्मद हारून
धनपुरी कोयलांचल क्षेत
बुढ़ार/शहडोल। कोयलांचल क्षेत्र की पहचान और देश की ऊर्जा व्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले मेहनतकश खनिकों के सम्मान में बुढ़ार के प्रवेश द्वार पर स्थापित भव्य खनिक प्रतिमा का 26 नवंबर 2026 को गरिमामय समारोह में अनावरण किया गया। शहडोल सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह ने प्रतिमा का अनावरण कर खनिकों के परिश्रम, संघर्ष और समर्पण को नमन किया।
कार्यक्रम में शहडोल कलेक्टर पार्थ जायसवाल, पुलिस अधीक्षक संजय अग्रवाल, SECL बिलासपुर मुख्यालय के निदेशक तकनीकी बिरंची दास, SECL सोहागपुर क्षेत्र के महाप्रबंधक बी.के. जेना, जैतपुर विधायक जयसिंह मरावी, रीजनल वर्कशॉप इंचार्ज डॉ. एहतेशाम हुसैन सिद्दीकी, पूर्व विधायक छोटे लाल सरावगी, नगर परिषद बुढ़ार अध्यक्ष शालिनी सरावगी तथा धनपुरी नगर पालिका अध्यक्ष रविन्द्रर कौर छाबड़ा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
SECL के कारीगरों ने तैयार की प्रतिमा
इस प्रतिमा की विशेषता यह है कि इसे SECL सोहागपुर क्षेत्र की रीजनल वर्कशॉप के कुशल कारीगरों ने अपनी तकनीकी दक्षता और मेहनत से तैयार किया है। डॉ. एहतेशाम हुसैन सिद्दीकी के मार्गदर्शन में अजय द्विवेदी, किशन लाल राठौर, कृष्ण गोपी विश्वकर्मा, इन्द्रजीत विश्वकर्मा, संजीव सिंह, सुल्तान अली, तारकेश्वर विश्वकर्मा, मोहम्मद इकबाल और सलमान खान सहित अन्य कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
प्रतिमा स्थल का होगा सौंदर्यीकरण
नगर परिषद बुढ़ार की अध्यक्ष शालिनी सरावगी ने प्रतिमा स्थल को आकर्षक बनाने के लिए विशेष पहल की है। इसके तहत सुंदर लाइटिंग, ग्रास, व्यवस्थित बॉर्डर और अन्य सौंदर्यीकरण कार्य कराए जाएंगे, जिससे यह स्थल बुढ़ार की विशिष्ट पहचान बन सके।
SECL सोहागपुर क्षेत्र के महाप्रबंधक बी.के. जेना की पहल से साकार हुई यह प्रतिमा खनिकों के सम्मान और उनके राष्ट्र निर्माण में योगदान का स्थायी प्रतीक बनेगी। यह आने वाली पीढ़ियों को श्रम, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा भी देती रहेगी।


