SECL मुख्यालय बिलासपुर में संविधान दिवस गरिमामय समारोह के साथ मनाया गया। निदेशक बिरंची दास सहित अधिकारियों और कर्मचारियों ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को नमन कर संविधान के मूल्यों को अपनाने का संकल्प लिया।
मोहम्मद हारून
धनपुरी कोयलांचल क्षेत
SECL मुख्यालय में गरिमामय समारोह के साथ मनाया गया संविधान दिवस, बाबा साहेब को किया नमन
बिलासपुर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के बिलासपुर स्थित मुख्यालय में 26 नवंबर को संविधान दिवस गरिमामय एवं सम्मानपूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर भारतीय संविधान के निर्माता भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। कार्यक्रम में एसईसीएल के वरिष्ठ अधिकारियों, विभागाध्यक्षों, श्रमसंघ प्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान निदेशक (मानव संसाधन) श्री बिरंची दास ने भारतीय संविधान की उद्देशिका का वाचन किया। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके साथ संविधान की प्रस्तावना को दोहराते हुए देश की एकता, अखंडता, न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व जैसे संवैधानिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। साथ ही संविधान में निहित आदर्शों को अपने जीवन और कार्यशैली में अपनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर निदेशक (मानव संसाधन) श्री बिरंची दास एवं निदेशक (तकनीकी) योजना एवं परियोजना श्री नृपेंद्र नाथ सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों, श्रमसंघ प्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। उपस्थितजनों ने संविधान निर्माण में डॉ. अंबेडकर के अतुलनीय योगदान को याद किया।
वक्ताओं ने कहा कि भारतीय संविधान देश के लोकतांत्रिक ढांचे की आधारशिला है। यह प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार प्रदान करने के साथ न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व पर आधारित समाज की स्थापना का मार्ग प्रशस्त करता है। संविधान हमें अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक रहने की प्रेरणा देता है।
उल्लेखनीय है कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। इसी ऐतिहासिक अवसर की स्मृति में प्रतिवर्ष संविधान दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य नागरिकों को संविधान के मूलभूत सिद्धांतों और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक करना है।
एसईसीएल मुख्यालय में आयोजित यह कार्यक्रम संविधान की गरिमा बनाए रखने और उसके आदर्शों को व्यवहार में आत्मसात करने के संकल्प के साथ संपन्न हुआ।


