रामपुर बटुरा ओसीएम में सुरक्षा को लेकर प्रबंधन सख्त, अनाधिकृत वाहनों की एंट्री पर लगेगी रोक
मोहम्मद हारून
धनपुरी कोयलांचल क्षेत्र
खान प्रबंधक दिलीप त्रिपाठी ने जारी किए कड़े निर्देश, मुख्य द्वार पर जांच मजबूत होगी, खदान के भीतर भी रहेगी निगरानी
धनपुरी। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के सोहागपुर क्षेत्र की रामपुर बटुरा ओपन कास्ट माइंस (ओसीएम) में प्रबंधन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया है। खदान परिसर में अनाधिकृत वाहनों के प्रवेश और अनावश्यक आवाजाही पर रोक लगाने के लिए खान प्रबंधक दिलीप त्रिपाठी ने कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं। प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध अनुमति और जरूरी दस्तावेजों के किसी भी वाहन को खदान क्षेत्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
प्रबंधन का मानना है कि कोयला खदानों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होना बेहद जरूरी है। रामपुर बटुरा ओसीएम में भारी मशीनों, डंपरों, उत्खनन और कोयला परिवहन की गतिविधियां लगातार चलती हैं। ऐसे में अनाधिकृत वाहनों की आवाजाही कामकाज में बाधा डाल सकती है और गंभीर दुर्घटनाओं का कारण भी बन सकती है। इसी कारण प्रबंधन ने सुरक्षा नियमों के पालन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का फैसला किया है।
मुख्य द्वार पर बढ़ेगी निगरानी
मुख्य प्रवेश द्वार पर वाहन जांच व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया है। सुरक्षा कर्मियों को निर्देश है कि खदान में प्रवेश करने वाले हर वाहन की अनुमति, पहचान और जरूरी दस्तावेजों की जांच करें। बिना अधिकृत अनुमति के कोई भी निजी या अन्य वाहन परिसर में प्रवेश नहीं करेगा। संदिग्ध या अनाधिकृत वाहन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रबंधन ने यह भी साफ किया है कि प्रवेश की अनुमति केवल उन्हीं वाहनों को मिलेगी जिन्हें संबंधित विभाग या सक्षम अधिकारी से स्वीकृति मिली होगी। सुरक्षा में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

खदान के भीतर भी रहेगी नजर
जांच केवल मुख्य द्वार तक सीमित नहीं रहेगी। खदान के अंदर भी वाहनों की आवाजाही पर निगरानी रखी जाएगी। औचक निरीक्षण के जरिए सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई वाहन निर्धारित मार्ग और अनुमति के दायरे से बाहर न चले। संवेदनशील क्षेत्रों में अनावश्यक वाहनों का प्रवेश रोकने के लिए भी जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
कर्मचारियों और ठेका श्रमिकों को भी हिदायत
खदान में काम करने वाले कर्मचारियों, ठेका श्रमिकों, वाहन चालकों और संबंधित एजेंसियों को भी सुरक्षा नियमों के प्रति गंभीर रहने की हिदायत दी गई है। परिसर में प्रवेश के दौरान जरूरी सुरक्षा उपकरणों का उपयोग अनिवार्य है।
खान प्रबंधक दिलीप त्रिपाठी का कहना है कि खदान में काम करने वाले हर कर्मचारी की सुरक्षा प्रबंधन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और सुरक्षा नियम सभी पर समान रूप से लागू होते हैं।
सुरक्षित उत्पादन के लिए अनुशासन जरूरी
उठाए जा रहे कदमों को खदान में अनुशासित कार्यप्रणाली स्थापित करने की दिशा में अहम माना जा रहा है। प्रबंधन का उद्देश्य सुरक्षित माहौल बनाना है, ताकि कर्मचारी बिना जोखिम के अपने दायित्व निभा सकें।
