भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ी झील (अपर लेक) के बोट क्लब पर ‘शिकारा सेवा’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मध्य प्रदेश पर्यटन निगम द्वारा शुरू की गई 20 नई शिकारा नावों का भी लोकार्पण किया गया। इन नावों का उद्देश्य पर्यटकों को कश्मीर की डल झील जैसा अनुभव देना है।
इस भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण, नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार मौजूद रहे। इसके अलावा संस्कृति राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, राज्यमंत्री कृष्णा गौर, दिलीप अहीरवार और राधा सिंह सहित कई विधायक और गणमान्य नागरिक भी उपस्थित थे।

लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इन नावों में बैठकर बड़ी झील की सैर की। उन्होंने नावों की सुविधाओं और डिजाइन की सराहना की और शिकारा-बोट रेस्टोरेंट में चाय, पोहा, समोसा और फलों का आनंद भी लिया। इसके साथ ही झील में बने फ्लोटिंग बोट मार्केट से वस्त्रों की खरीदारी की, जो पर्यटन को और आकर्षक बनाता है।
इन नावों के निर्माण में पर्यावरण सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है। नावें फाइबर रिइनफोर्स्ड पॉलीयूरिथेन (FRP) से बनाई गई हैं, जो नॉन-रिएक्टिव और पर्यावरण के अनुकूल है। जल-पर्यटन के लिए ये नावें पारंपरिक नावों की तुलना में अधिक सुरक्षित और टिकाऊ हैं।

मध्य प्रदेश पर्यटन निगम का मानना है कि यह पहल भोपाल को एक प्रमुख वाटर-टूरिज्म हब के रूप में विकसित करने में मदद करेगी और पर्यटकों को एक सुरक्षित और यादगार अनुभव प्रदान करेगी।
