भोपाल। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने मंत्रालय, भोपाल में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की अधोसंरचना विकास योजनाओं, भर्ती प्रक्रियाओं और उपकरण खरीद की स्थिति की विस्तृत समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि सभी परियोजनाओं का नियमित फॉलोअप किया जाए और निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण किया जाना सुनिश्चित हो।
चिकित्सकों, स्टाफ नर्स, पैरा-मेडिकल स्टाफ के पदों को शीघ्र भरने के दिए निर्देश :

बैठक में विशेषज्ञ चिकित्सकों, स्टाफ नर्स, पैरा-मेडिकल स्टाफ और तकनीकी पदों से संबंधित भर्ती प्रक्रियाओं की प्रगति पर विस्तृत चर्चा हुई। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के कुशल संचालन के लिए रिक्त पदों की शीघ्र भर्ती अनिवार्य है। उन्होंने निर्देश दिए कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, मेरिट और गति इन तीनों का विशेष ध्यान दिया जाए।
एयर एम्बुलेंस सेवा पर भी की गई चर्चा :
बुदनी चिकित्सा महाविद्यालय और सिंगरौली मेडिकल कॉलेज से जुड़े निर्माण कार्य, उपकरण व्यवस्था और अकादमिक तैयारियों की समीक्षा करते हुए शुक्ल ने कहा कि दोनों संस्थानों में सभी आवश्यक कार्य समय पर पूरे किए जाएँ। उन्होंने एयर एम्बुलेंस सेवा को और अधिक सक्षम एवं मजबूत बनाने पर भी जोर दिया, ताकि गंभीर रोगियों को तेज, सुरक्षित और प्रभावी आपातकालीन सहायता उपलब्ध हो सके।
एमपीपीएचएससीएल द्वारा संचालित उपकरण खरीद प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि खरीद में पारदर्शिता और गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता हो। उन्होंने उपकरणों की आपूर्ति समयसीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने तथा प्राथमिकता वाले संस्थानों में शीघ्र उपलब्धता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रमुख सचिव लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग श्री संदीप यादव, आयुक्त श्री तरुण राठी, एमपीपीएचएससीएल के प्रबंध संचालक श्री मयंक अग्रवाल सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
