Saiyaara 2 Update: क्या बनेगा अहान पांडे-अनीत पड्डा की फिल्म का सीक्वल? मोहित सूरी ने बताई सच्चाई
नई दिल्ली: इस साल जुलाई में रिलीज हुई अहान पांडे और अनीत पड्डा स्टारर फिल्म ‘सैयारा’ ने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया। मोहित सूरी के निर्देशन में बनी इस रोमांटिक ड्रामा ने न सिर्फ दर्शकों का दिल जीता बल्कि 500 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर रिकॉर्ड भी बना डाला। यही वजह है कि अब फैंस लगातार सवाल कर रहे हैं – क्या इसका दूसरा पार्ट भी आएगा?
सीक्वल पर मोहित सूरी का बयान
हाल ही में एक इंटरव्यू में जब डायरेक्टर मोहित सूरी से ‘सैयारा 2’ को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने साफ कहा कि फिलहाल इस फिल्म का सीक्वल बनाने की कोई योजना नहीं है। सूरी के मुताबिक, “फिल्म अभी भी सिनेमाघरों में चल रही है और यह हमारे लिए एक स्पेशल पल है। इसे हम एंजॉय करना चाहते हैं। सीक्वल बनाकर इस जादू को तोड़ने का इरादा नहीं है।”
उन्होंने आगे बताया कि निर्माता आदित्य चोपड़ा भी मानते हैं कि अगर कोई फिल्म क्लासिक बन जाती है, तो उसके सीक्वल से उसका असर फीका पड़ सकता है।
मोहित सूरी और सीक्वल फिल्मों का सफर
गौरतलब है कि मोहित सूरी पहले भी कई सीक्वल बना चुके हैं, जिनमें मर्डर 2, आशिकी 2, राज: द मिस्ट्री कंटीन्यूज और एक विलेन रिटर्न्स शामिल हैं। हालांकि, इन फिल्मों ने ओरिजनल फिल्मों जैसी सफलता दोहराई नहीं। शायद यही वजह है कि निर्देशक ‘सैयारा’ के लिए कोई जल्दीबाजी नहीं करना चाहते।
सैयारा की सफलता
‘सैयारा’ साल 2025 की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन चुकी है। बिना बड़े प्रमोशन के भी इसने जबरदस्त बिजनेस किया। इसके गाने चार्टबस्टर पर लगातार ट्रेंड कर रहे हैं और दर्शक इन्हें रिपीट मोड में सुन रहे हैं। इसने हाउसफुल 5, रेड 2, जाट और केसरी चैप्टर 2 जैसी फिल्मों को बॉक्स ऑफिस पर पछाड़ दिया है।
