दिवाली तक इंदौरियों को तोहफ़ा: शहर की सड़कों पर दौड़ेंगी डबल डेकर बसें, 7 रूटों पर मिलेगी लग्ज़री सफर की सुविधा
इंदौर न्यूज़ (Indore News): इंदौर शहर को जल्द ही डबल डेकर (Double Decker Bus) बसों की सौगात मिलने जा रही है। AICTSL (एआईसीटीएसएल) ने घोषणा की है कि इस दिवाली से पहले शहर की सड़कों पर लग्जरी डबल डेकर बसें फर्राटे भरती नजर आएंगी। इन बसों को खासतौर पर भीड़भाड़ वाले मार्गों और पर्यटन स्थलों पर चलाने की योजना बनाई गई है।
7 रूटों पर दौड़ेंगी डबल डेकर बसें
शुरुआती चरण में 7 प्रमुख मार्गों को चयनित किया गया है, जहाँ चौड़ी और बड़ी सड़कों पर इन बसों का संचालन किया जाएगा। तंग गलियों और संकरी जगहों पर इनकी ऊँचाई के कारण समस्या आ सकती है, इसलिए इन रूटों को फिलहाल बाहर रखा गया है।
बस की खासियतें
-
आकार: 9 मीटर लंबी और 15 फीट ऊँची
-
सीटिंग कैपेसिटी: 65 सीटें (ऊपरी मंजिल 36, निचली मंजिल 29)
-
स्टैंडिंग कैपेसिटी: 25 यात्रियों के लिए हैंडल
-
टेक्नोलॉजी: एयर सस्पेंशन सिस्टम, जिससे सफर रहेगा आरामदायक
-
कीमत: लगभग ₹2 करोड़ प्रति बस
-
चार्जिंग टाइम: 1.5 से 3 घंटे में पूरी तरह चार्ज
ये बसें स्विच मोबिलिटी के मॉडल EiV22 पर आधारित होंगी और आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगी।
मेयर की पहल से शुरू हुई योजना
यह पहल इंदौर के मेयर पुष्यमित्र भार्गव की ओर से शुरू की गई थी। खास बात यह है कि इतिहास में पहली बार किसी टियर-2 शहर में डबल डेकर बस सेवाएँ शुरू होने जा रही हैं। इससे न केवल ट्रैफिक जाम की समस्या कम होगी बल्कि शहर के नागरिकों को आरामदायक और लग्जरी पब्लिक ट्रांसपोर्ट का अनुभव भी मिलेगा।
दिवाली तक दौड़ेंगी बसें
AICTSL इस बार सीधे बसें खरीदेगा और फिर उनका संचालन निजी ऑपरेटरों को सौंपा जाएगा। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया गणेश उत्सव 2025 से शुरू हो जाएगी और लक्ष्य है कि दिवाली से पहले ये सेवा इंदौरवासियों को उपलब्ध कराई जाए।

