Indore Murder News: इंदौर में उद्योगपति चिराग जैन की चाकू मारकर हत्या, बिजनेस पार्टनर विवेक जैन फरार
Indore Businessman Murder News: इंदौर के कनाडिया इलाके में शनिवार सुबह उद्योगपति चिराग जैन की उनके बिजनेस पार्टनर विवेक जैन ने चाकू घोंपकर हत्या कर दी। घटना के समय चिराग की पत्नी मॉर्निंग वॉक पर गई थीं, जबकि उनका 8 साल का बेटा घर पर सो रहा था। हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
बिजनेस पार्टनर से चल रहा था विवाद
जानकारी के अनुसार, चिराग जैन अपने परिवार के साथ कनाडिया क्षेत्र की मिलन हाइट्स अपार्टमेंट की फ्लैट नंबर 806 में रहते थे। उनका सांवेर रोड पर पाइप फैक्ट्री का व्यवसाय है। उनके साझेदार विवेक जैन से पिछले कुछ समय से व्यावसायिक विवाद चल रहा था।
शनिवार सुबह विवेक, बातचीत के बहाने चिराग के घर पहुंचा। यहां दोनों के बीच कहासुनी हुई और विवाद इतना बढ़ गया कि विवेक ने घर में रखा चाकू उठाकर चिराग के गले और पेट पर एक के बाद एक कई वार कर दिए।
मौके पर ही मौत, पड़ोसियों ने दी सूचना
हमले में चिराग जैन की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उनके शरीर पर 10–12 चाकू के घाव थे। वारदात के तुरंत बाद आरोपी विवेक जैन फरार हो गया। थोड़ी देर बाद पड़ोसियों ने घर से खून देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को एमवाय अस्पताल पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और हत्या का मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस और फोरेंसिक टीम जुटी जांच में
एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि वारदात सुबह करीब 6:30 से 7 बजे के बीच हुई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
कनाडिया टीआई सहर्ष यादव ने कहा कि विवेक और चिराग के बीच किस वजह से विवाद हुआ, इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस उसकी लोकेशन ट्रैक कर रही है।
दोस्त ने बताई रंजिश की वजह
चिराग जैन के करीबी दोस्त दीपक जैन ने बताया कि दोनों पहले व्यवसाय में पार्टनर थे, लेकिन कुछ महीने पहले अलग हो गए थे। इसी व्यावसायिक रंजिश के चलते यह हत्या हुई है। दीपक ने कहा—”किसी ने नहीं सोचा था कि विवेक इतना बड़ा कदम उठा देगा।”
