102 आंगनवाड़ी केंद्रों पर आंगन मिलन सेवा की गतिविधियां, कार्यकर्ता-सहायिका का सम्मान
सेवा संकल्प अभियान के तहत बच्चों और माताओं को खाद्य सामग्री भी वितरित की गई
संवाददाता : निलेश मेहता
Nagda। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा ‘आंगन मिलन सेवा’ के द्वितीय चरण के तृतीय दिवस की गतिविधियां शनिवार को शहर के 102 आंगनवाड़ी केंद्रों पर आयोजित की गईं। जिला कार्यक्रम अधिकारी बृजेश त्रिपाठी के निर्देशन एवं परियोजना अधिकारी मुकेश वर्मा के मार्गदर्शन में हुए कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों की सहभागिता रही।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका का सम्मान
इसी क्रम में इंद्रपुरी कॉलोनी स्थित वार्ड क्रमांक 26 के आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक 60 पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें मंडल अध्यक्ष प्रकाश जैन तथा वरिष्ठ पार्षद प्रतिनिधि, इंद्र फाउंडेशन के संस्थापक एवं लायंस क्लब नागदा के प्रथम उपाध्यक्ष नरेंद्र सेंगर अतिथि के रूप में शामिल हुए।
अतिथियों ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता मीना पटेल एवं सहायिका मिथिलेश तिवारी का शॉल, श्रीफल, पुष्पहार एवं मिठाई भेंट कर सम्मान किया। इस दौरान आंगनवाड़ी केंद्र से जुड़ी सेवाओं और बच्चों के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की गई।

बच्चों और माताओं को खाद्य सामग्री वितरित
कार्यक्रम के दौरान इंद्र फाउंडेशन की ओर से बच्चों एवं माताओं को अतिथियों के माध्यम से बिस्किट और केले वितरित किए गए। फाउंडेशन की ओर से सामाजिक सरोकार के तहत खाद्य सामग्री का वितरण कर सेवा एवं सहभागिता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में आंगनवाड़ी अध्यक्ष गोविंद कुंवर, शकुंतला त्रिवेदी, ऐश्वर्या, वार्डवासी के.पी. सिंह तथा लायंस क्लब से सुनील मोडिया सहित बड़ी संख्या में माताएं और बच्चे मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन नरेंद्र सेंगर ने किया।
