सिलोटिया में जय श्रीराम के जयघोष के साथ भव्य कलश यात्रा, पंचकुंडीय हनुमंत महायज्ञ और श्री हनुमंत कथा का शुभारंभ
महेश कुमार वर्मा
सरदारपुर तहसील संवाददाता
स्थान – पिथमपुर धार
भैरव जी मंदिर परिसर में हुआ शुभारंभ
पीथमपुर (Dhar)। ग्राम सिलोटिया, पीथमपुर, जिला धार स्थित भैरव जी मंदिर परिसर में 20 नवंबर 2026, शुक्रवार से भव्य पंचकुंडीय हनुमंत महायज्ञ और श्री हनुमंत कथा का शुभारंभ हुआ। आयोजन का उद्देश्य धार्मिक आस्था, वैदिक परंपरा और सनातन संस्कृति का संरक्षण है। प्रथम दिवस श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हुआ।
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ निकली कलश यात्रा
पहले दिन वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई। क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालु उत्साह और श्रद्धा के साथ इसमें शामिल हुए और धर्म लाभ लिया।
शस्त्र कला का प्रदर्शन
यात्रा के दौरान धनुर्वेदी हिंदू शाही अखाड़े के भैया-बहनों ने तलवारबाजी, लाठी सहित कई पारंपरिक शस्त्र कलाओं का शानदार प्रदर्शन किया, जिसने श्रद्धालुओं का ध्यान खींचा।

11 जोड़ों ने दी आहुतियां
कलश यात्रा के बाद विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञशाला पूजन हुआ। प्रथम दिवस महायज्ञ में 11 जोड़ों ने भाग लेकर वैदिक मंत्रों के साथ आहुतियां दीं और विश्व कल्याण, सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।
आचार्यों के मार्गदर्शन और सान्निध्य में आयोजन
काशी के विद्वान यज्ञाचार्य आचार्य अर्जुन शुक्ल के मार्गदर्शन में महायज्ञ और हनुमंत कथा का आयोजन हो रहा है। श्री अयोध्या धाम के राजपुरोहित आचार्य मधुर जी महाराज का सान्निध्य भी मिल रहा है।
आगामी दिनों के कार्यक्रम
आने वाले दिनों में मंगल आरती, यज्ञशाला पूजन, महारुद्र अभिषेक, 108 कन्या पूजन, यज्ञ पूर्णाहुति और प्रसाद वितरण सहित कई धार्मिक अनुष्ठान होंगे। प्रतिदिन सांस्कृतिक कला प्रशिक्षण और ज्योतिर्विद्या परामर्श का आयोजन भी किया जाएगा।
25 नवंबर तक चलेगा आयोजन
यह धार्मिक आयोजन 20 से 25 नवंबर 2026 तक चलेगा। संयोजन कमलसिंह पंवार कर रहे हैं। आयोजक धनुर्वेदी हिन्दू शाही अखाड़ा फाउंडेशन और समस्त नगरवासी हैं। आयोजकों ने धर्मप्रेमी सज्जनों, माताओं-बहनों और सनातन धर्मावलंबियों से सपरिवार शामिल होकर हनुमान जी के दर्शन, पूजन, यज्ञ और कथा श्रवण का पुण्य लाभ लेने का आग्रह किया है।
