कस्तूरबा छात्रावास की 60-70 छात्राएं पहुंचीं थाने, वार्डन पति पर गंभीर आरोप
डही। कस्तूरबा बालिका छात्रावास डही की करीब 60 से 70 छात्राएं रविवार रात अपनी शिकायत लेकर थाने पहुंचीं। छात्राओं ने छात्रावास की वार्डन अनीता भिड़े और उनके पति सरदार भिड़े पर दुर्व्यवहार, प्रताड़ना और छात्राओं से घर के काम करवाने जैसे गंभीर आरोप लगाए। छात्राओं की शिकायत के बाद शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
छात्राओं का आरोप है कि वार्डन के पति छात्रावास परिसर में ही रहते हैं और कई बार छात्राओं के कमरों में आ जाते थे। छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया कि वे बाथरूम के दरवाजे खटखटाते थे, जिससे उन्हें असहज स्थिति का सामना करना पड़ता था। छात्राओं के अनुसार, यह स्थिति लंबे समय से बनी हुई थी।
घर ले जाकर काम कराने का आरोप
छात्राओं ने शिकायत में बताया कि वार्डन के पति उन्हें अपने घर ले जाते थे। वहां उनसे झाड़ू-पोछा लगाने, बर्तन साफ करने और कपड़े धोने जैसे घरेलू काम करवाए जाते थे। छात्राओं का कहना है कि यह सिलसिला करीब एक साल से चल रहा था।
छात्राओं ने वार्डन अनीता भिड़े पर भी दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि छोटी-छोटी बातों पर उन्हें डांटा जाता था और कथित रूप से गाली-गलौज भी की जाती थी। छुट्टियों के बाद छात्रावास लौटने पर भी उनके साथ ठीक व्यवहार नहीं किए जाने की शिकायत छात्राओं ने की।
भोजन व्यवस्था पर भी सवाल
छात्राओं ने छात्रावास में मिलने वाले भोजन को लेकर भी नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि मेन्यू के अनुसार नियमित रूप से भोजन नहीं दिया जाता था। नाश्ता नहीं मिलने की शिकायत भी छात्राओं ने की। छात्राओं के मुताबिक, एक दिन नाश्ते के नाम पर केवल केले दिए गए।
FIR की मांग पर अड़ी छात्राएं
शिकायत लेकर थाने पहुंची छात्राएं वार्डन और उनके पति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग कर रही थीं। कुक्षी एसडीएम आशीष अशोक पाटिल ने छात्राओं से बातचीत कर उनकी शिकायतें सुनीं और मामले की जानकारी ली।
प्राचार्य अरुण कुशवाहा, बीआरसी मनोज दुबे और प्रभारी टीआई थानसिंह जमरा ने भी छात्राओं से चर्चा की। अधिकारियों ने छात्राओं से आवेदन लिया और उन्हें समझाकर छात्रावास भेजा।
DEO ने छात्राओं से की बातचीत
मामले की जानकारी मिलने के बाद सोमवार को जिला शिक्षा अधिकारी पुष्पेंद्र सस्तिया भी डही पहुंचे। उन्होंने छात्रावास की छात्राओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं और शिकायतें सुनीं। अधिकारियों का कहना है कि छात्राओं के बयान और शिकायतों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
बीईओ अनिल मारू ने बताया कि छात्राओं से बातचीत के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा विभाग पूरे मामले की जांच कर रहा है।
छात्राओं की सुरक्षा और छात्रावास में उनके लिए सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। अब जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि छात्राओं द्वारा लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है और संबंधित लोगों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।
