रामपुर बटुरा के प्रभावित किसानों का बड़ा ऐलान, 15 दिसंबर से आर-पार की लड़ाई
मुआवजे में देरी और जय अंबे कंपनी की कथित मनमानी के खिलाफ किसानों ने खोला मोर्चा, 1 दिसंबर को ज्ञापन और 15 दिसंबर से चरणबद्ध आंदोलन
संवाददाता: मोहम्मद हारून
रामपुर बटुरा/धनपुरी
साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के सोहागपुर क्षेत्र की रामपुर बटुरा खुली खदान परियोजना से प्रभावित किसानों की लंबित समस्याओं को लेकर आंदोलन की सुगबुगाहट तेज हो गई है। मुआवजा भुगतान में देरी, किसानों के अधिकारों की कथित अनदेखी, पुनर्वास एवं पुनर्स्थापना की समस्याओं और जय अंबे कंपनी की कथित मनमानी के विरोध में किसान, जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता एकजुट हो गए हैं।
इस संबंध में हुई महत्वपूर्ण बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर 15 दिसंबर से व्यापक एवं चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा।
बैठक में प्रभावित किसानों ने आरोप लगाया कि बिलासपुर मुख्यालय में राजस्व विभाग के महाप्रबंधक बी.के. लाल के स्तर पर उनका मुआवजा भुगतान रोका गया है। उनका कहना है कि इस कारण वे लंबे समय से आर्थिक और मानसिक परेशानी झेल रहे हैं। किसानों के अनुसार अधिग्रहित जमीन का उचित मुआवजा उनका अधिकार है, लेकिन भुगतान में देरी से रोजमर्रा की जरूरतों और भविष्य को लेकर संकट खड़ा हो गया है। बैठक में परियोजना में कार्यरत जय अंबे कंपनी के रवैये पर भी नाराजगी जताई गई।
किसानों के अधिकारों से समझौता नहीं होगा: चंद्र कुमार तिवारी
जनपद सदस्य एवं वन समिति के सभापति चंद्र कुमार तिवारी ने कहा कि प्रभावित किसानों की समस्याएं लंबे समय से उठाई जा रही हैं, लेकिन अब तक अपेक्षित समाधान नहीं हुआ है। किसानों ने परियोजना के लिए अपनी जमीन और संसाधन दिए हैं, इसलिए उनके साथ न्याय करना प्रबंधन की जिम्मेदारी है।
उन्होंने मुआवजा और पुनर्वास से जुड़ी समस्याओं के तत्काल निराकरण की मांग की। साथ ही कहा कि जनप्रतिनिधि किसानों के साथ खड़े हैं और जायज मांगें पूरी होने तक संघर्ष जारी रहेगा।

न्याय दिलाने के लिए होगा निर्णायक आंदोलन: भूपेश शर्मा
किसान नेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता भूपेश शर्मा ने कहा कि जमीन अधिग्रहण के बाद भी किसानों को मुआवजा और पुनर्वास संबंधी समस्याओं के लिए भटकना पड़ रहा है, जो चिंताजनक है। अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा और प्रबंधन को धरातल पर ठोस कार्रवाई करनी होगी।
उन्होंने बताया कि 1 दिसंबर को ज्ञापन सौंपकर प्रशासन और प्रबंधन को किसानों की मांगों से अवगत कराया जाएगा। इसके बाद भी समाधान नहीं हुआ तो 15 दिसंबर से चरणबद्ध आंदोलन शुरू होगा। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि किसानों को उनके संवैधानिक और वैधानिक अधिकार दिलाने के लिए है।
प्रशासनिक स्तर पर हो समस्याओं का समाधान: रमेश सिंह
पूर्व डिप्टी कलेक्टर एवं अनूपपुर जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष रमेश सिंह ने कहा कि किसी भी विकास परियोजना में प्रभावित परिवारों के हितों और अधिकारों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। किसानों को समय पर उचित मुआवजा तथा पुनर्वास और पुनर्स्थापना का लाभ मिलना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि जायज मांगों के लिए किसानों को बार-बार अधिकारियों और प्रबंधन के चक्कर लगाने पड़ें, यह उचित व्यवस्था नहीं है। प्रशासन और एसईसीएल प्रबंधन को आपसी समन्वय से लंबित समस्याएं सुलझानी चाहिए। मांगों को गंभीरता से नहीं लेने पर आंदोलन को व्यापक समर्थन दिया जाएगा और किसानों के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ी जाएगी।
1 दिसंबर को ज्ञापन, 15 दिसंबर से आंदोलन
आंदोलन की रणनीति के तहत 1 दिसंबर को संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसके अलावा 2 दिसंबर को दोनों जिलों के प्रशासन को भी बिंदुवार मांगों का ज्ञापन देने का निर्णय लिया गया है। किसानों ने चेतावनी दी है कि इसके बाद भी सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर 15 दिसंबर से व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा। वहीं 30 दिसंबर को अंतिम बैठक कर आगे की रणनीति तय करने की बात भी सामने आई है।
बैठक में ये रहे प्रमुख रूप से उपस्थित
बैठक में चंद्र कुमार तिवारी, भूपेश शर्मा, रमेश सिंह, ओम प्रकाश द्विवेदी, रामपुर के सरपंच प्रतिनिधि झोले बेगा, खाड़ा की सरपंच कमला सिंह, पत्रकार अखिलेश त्रिपाठी, अतरिया के सरपंच धनी लाल सिंह, पूर्व जनपद सदस्य राजबहोर चंद्र, सत्यनारायण द्विवेदी, सोहन कुशवाहा, प्रमोद बेगा, जयप्रकाश, भोला, जगदीश प्रसाद, सुरेश प्रसाद राव, दीपक कुमार द्विवेदी, देवा सिंह और जयप्रकाश राव सहित प्रभावित क्षेत्र के अनेक किसान उपस्थित रहे।
बैठक में सभी ने एकजुट होकर किसानों के हक की लड़ाई को निर्णायक मोड़ तक पहुंचाने का संकल्प लिया। किसानों ने स्पष्ट किया कि जमीन देने वाले परिवारों को उचित मुआवजा और अधिकार मिलना चाहिए तथा वर्षों से लंबित समस्याओं का समाधान अब और नहीं टाला जा सकता। यदि प्रबंधन और प्रशासन ने समय रहते गंभीरता नहीं दिखाई, तो 15 दिसंबर से शुरू होने वाला आंदोलन परियोजना क्षेत्र में व्यापक रूप ले सकता है।

