दैनिक स्वराज वाणी तहसील रिपोर्टर खलील मंसूरी
पुलिस विभाग में पदोन्नति से बढ़ा उत्साह, आलीराजपुर के 16 सहायक उप निरीक्षक बने उप निरीक्षक
जोबट, 22 जुलाई 2026।
पुलिस विभाग में लंबे समय से सेवा दे रहे कर्मचारियों के लिए खुशियों का अवसर आया है। पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा जारी पदोन्नति आदेश के तहत जिला आलीराजपुर के 16 सहायक उप निरीक्षकों (ASI) को उप निरीक्षक (SI) पद पर पदोन्नति प्रदान की गई है। इस पदोन्नति से पुलिस विभाग में उत्साह का माहौल है।
पुलिस अधीक्षक आलीराजपुर श्री रघुवंश सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि विभागीय सेवा अभिलेख, गोपनीय चरित्रावली, वरिष्ठता एवं पदोन्नति के लिए निर्धारित मापदंडों के परीक्षण के बाद पात्र पाए गए 16 शासकीय सेवकों को पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा उप निरीक्षक पद पर पदोन्नति दी गई है।
16 सहायक उप निरीक्षक बने उप निरीक्षक
पदोन्नति प्राप्त करने वाले अधिकारियों में जिले के विभिन्न थानों और इकाइयों में पदस्थ पुलिसकर्मी शामिल हैं। इनमें थाना आलीराजपुर से श्री कन्हैयालाल साजोतिया, थाना बोरी से श्री जानुसिंह गरवाल, यातायात थाना से श्री धर्मेंद्र सोमवंशी, थाना जोबट से श्री नगीनलाल नायक, थाना सोण्डवा से श्री मांगीलाल वास्केल एवं श्री रामवचन पांडे शामिल हैं।
इसके अलावा थाना कठ्ठीवाड़ा से श्री माधुसिंह हाड़ा, थाना उदयगढ़ से श्री शंकरलाल रावत, रक्षित केंद्र से श्री उदयसिंह भिंडे, थाना नानपुर से श्री दिनेश अवस्थी, थाना बखतगढ़ से श्री नानूराम पटेल, रक्षित केंद्र से श्री भूरेसिंह अलावा एवं श्री भेरूसिंह बघेल, थाना आलीराजपुर से श्री मुन्नालाल कटारे एवं श्री रणजीतसिंह सोलंकी तथा थाना सोण्डवा से श्री सुकायला सोलंकी को पदोन्नति मिली है।
एसपी ने लगाए उप निरीक्षक पद के स्टार
पदोन्नति समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री रघुवंश सिंह ने सभी पदोन्नत अधिकारियों को उप निरीक्षक पद के स्टार लगाकर सम्मानित किया। उन्होंने सभी अधिकारियों को नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर एसपी श्री सिंह ने कहा कि पदोन्नति केवल पद में वृद्धि नहीं होती, बल्कि यह कर्तव्यों और जिम्मेदारियों में भी वृद्धि का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि अब पदोन्नत हुए अधिकारियों की जिम्मेदारी पहले से अधिक बढ़ गई है।
उन्होंने सभी उप निरीक्षकों से अपेक्षा की कि वे अपने नवीन दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण भाव से करेंगे तथा पुलिस विभाग की गरिमा को और अधिक ऊंचाइयों तक पहुंचाने में योगदान देंगे।

बेहतर कार्य के लिए किया प्रेरित
पुलिस अधीक्षक ने सभी कर्मचारियों को भविष्य में भी उत्कृष्ट कार्य करने, विभागीय उपलब्धियां हासिल करने और आगामी पदोन्नतियों के लिए निरंतर प्रयासरत रहने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में मेहनत, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के आधार पर आगे बढ़ने के अवसर मिलते हैं। प्रत्येक कर्मचारी को अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करते हुए जनता की सेवा को प्राथमिकता देनी चाहिए।
अधिकारियों और कर्मचारियों ने दी शुभकामनाएं
कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती ज्योति उमठ बघेल, रक्षित निरीक्षक श्री विनोद रंधावा सहित जिला पुलिस कार्यालय एवं रक्षित केंद्र के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पदोन्नत हुए पुलिसकर्मियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी नए उप निरीक्षक अपनी नई जिम्मेदारियों को पूरी दक्षता और निष्ठा के साथ निभाएंगे।
यह पदोन्नति न केवल संबंधित पुलिसकर्मियों के लिए सम्मान का अवसर है, बल्कि पूरे जिला पुलिस विभाग के लिए प्रेरणादायी क्षण भी है।
