NDDB अध्यक्ष डॉ. मीनेश शाह ने इंदौर में किसानों के साथ की अहम बैठक
डेयरी क्षेत्र के विकास, सहकारी व्यवस्था को मजबूत करने और किसानों की आय बढ़ाने पर हुआ विचार-विमर्श
इंदौर, 5 सितंबर 2026। राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (NDDB) के अध्यक्ष एवं प्रबंध संचालक डॉ. मीनेश शाह ने इंदौर में किसान प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में दुग्ध उत्पादन एवं डेयरी क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में NDDB, आणंद (गुजरात), मध्य प्रदेश स्टेट को-ऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन, भोपाल, पशुपालन एवं डेयरी विभाग, सहकारिता विभाग तथा इंदौर दुग्ध संघ के वरिष्ठ अधिकारी और किसान प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान डॉ. मीनेश शाह ने दुग्ध उत्पादकों के हित, डेयरी क्षेत्र के विकास, सहकारी दुग्ध व्यवस्था को मजबूत करने तथा किसानों की आय में वृद्धि से जुड़े विषयों पर अधिकारियों एवं किसान प्रतिनिधियों के साथ चर्चा की।

डॉ. शाह ने कहा कि डेयरी क्षेत्र के विकास में किसानों की महत्वपूर्ण भूमिका है। NDDB द्वारा दुग्ध उत्पादकों को बेहतर सुविधाएं, तकनीकी सहयोग और उचित अवसर उपलब्ध कराकर सहकारी डेयरी व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
बैठक में किसान प्रतिनिधियों ने इंदौर दुग्ध संघ द्वारा वर्तमान में दुग्ध उत्पादक किसानों को दी जा रही 870 रुपये प्रति किलोग्राम फैट की दूध क्रय दर पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने NDDB द्वारा इंदौर दुग्ध संघ के प्रबंधन में किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की।
किसान प्रतिनिधियों ने कहा कि वर्तमान दूध क्रय दर इंदौर दुग्ध संघ के इतिहास में अब तक की सर्वाधिक दूध क्रय दर है। साथ ही, दुग्ध संघ द्वारा प्रत्येक माह की 5, 15 और 25 तारीख को निर्धारित समय पर दूध बिल का भुगतान किए जाने पर भी किसानों ने प्रसन्नता व्यक्त की।
बैठक के अंत में इंदौर दुग्ध संघ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विशाल कुमार मिश्रा ने उपस्थित सभी सदस्यों एवं किसान प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।
