Nagda-Ujjain मार्ग पर कार और ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत, छह घायल
रूई और गढ़ा के बीच हुआ हादसा, टक्कर के बाद झाड़ियों में फंसी कार; ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार
उज्जैन। रूई और गढ़ा के बीच गुरुवार सुबह कार और ट्रक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार छह लोग घायल हो गए। घायलों में तीन महिलाएं, दो पुरुष और एक बच्चा शामिल है। सभी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
तेज रफ्तार कार झाड़ियों में जाकर फंसी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 11:15 बजे नागदा की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार की उज्जैन की तरफ जा रहे परचूनी सामान से भरे ट्रक से टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर के बाद कार सड़क किनारे झाड़ियों में जाकर फंस गई।
स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकाला
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से सभी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
ट्रक चालक फरार, पीछे से दूसरी कार भी भिड़ी
दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। वहीं, ट्रक के पीछे चल रही एक अन्य कार भी उससे पीछे से टकरा गई। इस टक्कर में दूसरी कार क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि उसमें सवार किसी व्यक्ति को चोट नहीं आई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।
