जयंत गोहे
ब्यूरो चीफ
बैतूल
Amla। वार्ड क्रमांक 9 की पार्षद एवं यूथ कांग्रेस जिला महासचिव कुमारी खुशबू विजय अतुलकर की मांग पर नगर पालिका ने मंगलवार को माल गोदाम क्षेत्र में डस्ट मुरूम बिछाकर लोगों को कीचड़ की समस्या से राहत दिलाई।
पार्षद खुशबू अतुलकर ने बताया कि माल गोदाम क्षेत्र रेलवे के अधीन आता है। रेलवे से एनओसी नहीं मिलने के कारण यहां पक्की सड़क का निर्माण नहीं हो पा रहा है। यही वजह है कि हर वर्ष बारिश के मौसम में यह कच्चा रास्ता कीचड़ में तब्दील हो जाता है और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने बताया कि हनुमान मंदिर के सामने पिछले कई दिनों से अत्यधिक कीचड़ जमा हो गया था। इससे बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों सहित सभी राहगीरों का आवागमन मुश्किल हो गया था। खराब रास्ते के कारण करीब एक सप्ताह से कचरा संग्रहण वाहन भी इस क्षेत्र में नहीं पहुंच पा रहा था।
स्थिति को देखते हुए नगर पालिका ने तत्काल डस्ट मुरूम बिछाकर मार्ग को आवागमन योग्य बनाया, जिससे क्षेत्रवासियों को काफी राहत मिली। पार्षद खुशबू अतुलकर ने बताया कि रेलवे रेस्ट हाउस की कच्ची सड़क की भी जल्द ही मरम्मत कराई जाएगी, ताकि बारिश के दौरान लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
क्षेत्रवासियों ने समय पर कार्रवाई के लिए नगर पालिका एवं पार्षद खुशबू विजय अतुलकर का आभार व्यक्त किया।
