श्री टेकचंद जैन के निधन से नगर में शोक की लहर
जैन समाज ने बताया बड़ी क्षति, सामाजिक और धार्मिक कार्यों में योगदान को किया याद
सिलवानी संवाददाता वैभव जैन मस्ताना। रायसेन जिले के प्रतिष्ठित व्यापारी एवं जैन समाज गैरतगंज के अध्यक्ष श्री टेकचंद जैन के हैदराबाद, आंध्र प्रदेश में निधन का समाचार मिलते ही रायसेन जिले की जैन समाज में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन को समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों से जुड़े लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका
शोक व्यक्त करने वाले लोगों ने कहा कि श्री टेकचंद जैन एक प्रतिष्ठित व्यापारी होने के साथ-साथ मिलनसार और कुशल व्यक्तित्व के धनी थे। वे सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों में हमेशा सक्रिय रहते थे और समाजहित के कार्यों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करते थे।
समाजजनों के अनुसार, जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए भी वे सदैव तत्पर रहते थे। उनके व्यवहार और सहयोग की भावना के कारण समाज के विभिन्न वर्गों में उनका सम्मान था। उनके निधन से जैन समाज ने एक ऐसे व्यक्तित्व को खो दिया, जिसने सामाजिक गतिविधियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
विभिन्न संस्थाओं ने दी श्रद्धांजलि
श्री टेकचंद जैन के निधन पर सिलवानी क्षेत्र की अखंड दिगंबर जैन समाज, तारण जैन समाज, क्षेत्रीय विकास परिषद, वैश्य महासम्मेलन सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाओं और समाजजनों ने शोक संवेदना व्यक्त की।
इस दौरान समाज के वरिष्ठजनों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। सभी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
समाज में छोड़ी अलग पहचान
शोकसभा के दौरान वक्ताओं ने कहा कि श्री टेकचंद जैन का समाज के प्रति समर्पण और लोगों के प्रति सहयोग की भावना लंबे समय तक याद की जाएगी। उनके निधन से न केवल परिवार बल्कि संपूर्ण जैन समाज और परिचितों में गहरा दुख है।
श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में चंद्र कुमार जैन, जय कुमार जैन, मनीष सिंघाई, सुनील वैधराज, प्रजा सेवक जैन, संजू बनारसी, राघवेंद्र जैन, पत्रकार छेदमीलाल जैन, पुनीत समैया, संजीव जेके, अनिल डेरिया, जय बाबू जैन, राजीव समैया सहित अनेक समाजजन एवं सामाजिक कार्यकर्ता शामिल रहे।
