राज्यमंत्री डॉ. गौतम टेटवाल ने संदीपनी शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मऊ का किया औचक निरीक्षण
मनोज कुमार पुष्पद की रिपोर्ट
सारंगपुर।
राज्यमंत्री डॉ. गौतम टेटवाल ने सारंगपुर विधानसभा क्षेत्र के मऊ स्थित संदीपनी शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
राज्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समय-सीमा को लेकर चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय में पूर्ण किए जाएं और कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए मजबूत और सुविधाजनक अधोसंरचना बेहद आवश्यक है।
छात्राओं से किया संवाद, बढ़ाया उत्साह
विद्यालय पहुंचने पर छात्राओं ने पुष्प भेंट कर राज्यमंत्री डॉ. टेटवाल का आत्मीय स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने कक्षाओं में जाकर छात्राओं से सीधा संवाद किया।
मंत्री ने छात्राओं से उनकी पढ़ाई, रुचियों, भविष्य के लक्ष्यों और विद्यालय से जुड़ी आवश्यकताओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने सपनों को पूरा करने के लिए निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी।
छात्राओं के आत्मविश्वास और शिक्षा के प्रति उत्साह को देखकर डॉ. टेटवाल ने उनकी सराहना की और कहा कि आज की बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। सरकार का उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है।
पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, किया पौधरोपण
निरीक्षण के दौरान राज्यमंत्री डॉ. गौतम टेटवाल ने विद्यालय परिसर में पौधरोपण भी किया। उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों से अपील की कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल करना भी सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, संस्कार और पर्यावरण संरक्षण एक मजबूत एवं विकसित समाज की नींव हैं।
डॉ. टेटवाल ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर संसाधन और सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
जनप्रतिनिधि और शिक्षक रहे उपस्थित
निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान भाजपा मंडल मीडिया प्रभारी मोहन लववंशी ने बताया कि इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता निर्मल जैन, मंडल अध्यक्ष महेश पुष्पद, नगरपालिका उपाध्यक्ष प्रतिनिधि नीलेश वर्मा, सरपंच रईस मंसूरी, महामंत्री कमल राठौर सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
राज्यमंत्री के विद्यालय निरीक्षण से विद्यार्थियों और शिक्षकों में उत्साह का माहौल दिखाई दिया। अधिकारियों को दिए गए निर्देशों के बाद विद्यालय में चल रहे विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
