मंडलेश्वर के स्कूलों में मनाया गया उमंग दिवस, विशेषज्ञों ने दी स्वास्थ्य और कानूनी जानकारी
मंडलेश्वर। स्कूली विद्यार्थियों को सकारात्मकता के साथ भविष्य बनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से मध्य प्रदेश सरकार उमंग दिवस मना रही है। स्कूली शिक्षा विभाग और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त प्रयास से बुधवार को नगर के महात्मा गाँधी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में उमंग दिवस मनाया गया।
महात्मा गाँधी स्कूल में उमंग कार्यक्रम
महात्मा गाँधी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षाविद राकेश कुलश्रेष्ठ मुख्य अतिथि और लेखक दुर्गेश राजदीप विशेष अतिथि रहे। प्राचार्य जे.के. सोनी ने स्वागत भाषण में युवाओं को तनाव से दूर रहने की सीख दी। उमंग प्रभारी सुधीर गोखले और उप प्रभारी विनीता शाक्य ने उमंग कार्यक्रम के बारे में जानकारी दी।
मुख्य अतिथि राकेश कुलश्रेष्ठ ने विद्यार्थियों से सकारात्मक सोच विकसित करने की बात कही।
पांच छात्रों को बैज लगाकर जोड़ा गया
कार्यक्रम में विद्यालय के पांच छात्रों को बैज लगाकर उमंग कार्यक्रम से जोड़ा गया। ये छात्र अपने साथियों को सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने में मदद करेंगे। इस अवसर पर वरिष्ठ व्याख्याता ए.पी. तिवारी, मुस्ताक जे. पठान, राकेश बारिया, श्याम सुंदर डोंगरे सहित शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कन्या स्कूल में बालिकाओं को किया जागरूक
शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में उमंग कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. तनवीर कुरैशी ने बालिकाओं को युवा अवस्था में होने वाले शारीरिक बदलावों के बारे में जागरूक किया।
मानव अधिकार परिषद भारत के प्रदेश प्रवक्ता दुर्गेश राजदीप ने बालिकाओं को पॉक्सो एक्ट, मोटर व्हीकल एक्ट सहित विभिन्न कानूनी जानकारियां दीं।
नाटक का मंचन और मॉक काउंसलिंग
कार्यक्रम में स्कूली छात्राओं ने “मैं हूँ राजा” नाटक का मंचन किया। मॉक डील के तहत ज्योत्सना शर्मा ने बालिकाओं की फोन पर काउंसलिंग की।
पॉजिटिव सोच के साथ आगे बढ़ने की सलाह
प्राचार्य विजय वानखेड़े, शबनम खान और प्रकाश भंडोले ने छात्राओं को पॉजिटिव सोच रखकर आगे बढ़ने की सलाह दी।
