—Advertisement—

जावरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: खेतों से लहसुन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 2 आरोपी गिरफ्तार

Author Picture
Published On: 1 August 2026
जावरा

—Advertisement—

जावरा पुलिस ने लहसुन चोरी करने वाले गिरोह का किया पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार

संवाददाता  : पवन धाकड़ सरसी, जावरा

9 क्विंटल लहसुन चोरी मामले में पुलिस को मिली सफलता, 70 हजार रुपये नगद और वाहन जब्त

रतलाम जिले के जावरा क्षेत्र में खेतों और सुनसान स्थानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लहसुन चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का लहसुन बेचकर प्राप्त किए गए 70 हजार रुपये नगद, वारदात में इस्तेमाल की गई पल्सर मोटरसाइकिल और ऑटो जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार जब्त किए गए मशरूके की कुल कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई गई है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है।

खेत के मकान से चोरी हुआ था 9 क्विंटल लहसुन

पुलिस के मुताबिक 27 जुलाई 2026 की शाम करीब 5:30 बजे से 28 जुलाई की सुबह 5 बजे के बीच नागदा-जावरा रोड स्थित ग्राम नागदी में चोरी की वारदात हुई थी।

ग्राम नागदी निवासी 69 वर्षीय बसंतीलाल पिता शंकरलाल हाडा के खेत पर बने मकान में रखी 17 बोरियों में करीब 9 क्विंटल लहसुन अज्ञात बदमाश चोरी कर ले गए थे। किसान की शिकायत पर थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा में अपराध क्रमांक 420/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत जांच शुरू की।

सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र से पहुंचे आरोपियों तक

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण विवेक कुमार लाल और नगर पुलिस अधीक्षक जावरा युवराज सिंह चौहान के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने जांच शुरू की।

पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। इसके साथ ही साइबर सेल की मदद और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आमीन खान पिता आलम खान उम्र 38 वर्ष, निवासी ग्राम भावगढ़ थाना भावगढ़ जिला मंदसौर और सादिक पिता नाहर खां कुरैशी उम्र 30 वर्ष, निवासी मेवातीपुरा जावरा के रूप में हुई है।

पूछताछ में सामने आया पूरा मामला

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर लहसुन चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोरी किया गया करीब 9 क्विंटल लहसुन उन्होंने नीमच मंडी में बेच दिया था।

पुलिस ने चोरी के माल की बिक्री से प्राप्त 70 हजार रुपये नगद बरामद कर लिए हैं। वहीं वारदात में उपयोग किए गए वाहन भी जब्त कर लिए गए हैं। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है।

आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया

पुलिस जांच में गिरफ्तार आरोपी आमीन खान का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। आरोपी के खिलाफ मंदसौर और रतलाम जिले के विभिन्न थानों में चोरी, सोयाबीन चोरी, भैंस चोरी, डोडाचूरा तस्करी और अवैध शराब से जुड़े मामले दर्ज पाए गए हैं।

पुलिस अब फरार तीन अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि गिरोह ने जिले में और किन-किन चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है।

पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका

इस पूरी कार्रवाई में डीएसपी प्रकाश गाडरिया के नेतृत्व में थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कार्रवाई में उप निरीक्षक कुलदीप डाबी, उप निरीक्षक मोहम्मद अय्यूब खान सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अपराधों पर नियंत्रण के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है और चोरी सहित अन्य वारदातों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

कुमकुम सोनी स्वराज वाणी न्यूज मे कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत है। इन्होंने स्नातक पत्रकारिता एवं जनसंचार से की है। यह विशेषतः राजनीति एवं भू-राजनीति से जुड़े मुद्दों का गहन विशलेषण कर सरल भाषा में आम जनता के समक्ष प्रस्तुत करने का प्रयास करती है।… Read More

Related News
Breaking News हमेशा आपके पास

SwarajVani App Install करें

Latest India News & Breaking Updates — सीधे Home Screen पर

Offline पढ़ें Breaking Alerts बिल्कुल Free
SwarajVani को iPhone पर install करें:
📤 Share बटन दबाएं → "Add to Home Screen" select करें
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp