नाली निर्माण में अनियमितता का आरोप, ग्रामीणों के विरोध के बाद रुका काम
पड़ाना। केंद्रीय सड़क निधि से स्वीकृत मऊ-पड़ाना-तलेन सड़क मार्ग निर्माण के साथ चल रहे नाली निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य तय मापदंडों के अनुसार नहीं किया जा रहा है और इसमें घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। ग्रामीणों ने नाली निर्माण में लापरवाही और मनमानी का आरोप लगाते हुए विरोध जताया।
लोक निर्माण विभाग की देखरेख में कोडेक कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा सड़क निर्माण एवं नाली निर्माण का कार्य किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कई स्थानों पर नाली को व्यवस्थित तरीके से बनाने के बजाय आड़ी-तिरछी बनाई जा रही है, जिससे सड़क की चौड़ाई कम हो रही है और भविष्य में आवागमन में परेशानी हो सकती है।
ग्रामीणों ने इस मामले की शिकायत भाजपा जिला मंडल मंत्री मनोहर सिंह परमार और भाजपा मंडल अध्यक्ष शेखर शर्मा से की। शिकायत मिलने के बाद शनिवार को भाजपा पदाधिकारी ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे और आसारेटा तलेन चौराहे पर चल रहे नाली निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।
ग्रामीणों ने लगाए निर्माण एजेंसी पर आरोप
ग्रामीणों जगदीश दरबार, प्रेम परमार, ओंडी और कमलेश सिंघानिया सहित अन्य लोगों ने आरोप लगाया कि आसारेटा तलेन चौराहे से सदर बाजार, गांधी चौक और बस स्टैंड तक कई जगह नाली निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप नहीं किया गया है। उनका कहना है कि बारिश के समय कई स्थानों पर नालियों का पानी निकासी के बजाय सड़कों पर फैल जाता है, जिससे लोगों को परेशानी होती है।
ग्रामीणों ने बताया कि बाजार क्षेत्र में नाली निर्माण को लेकर उनकी आपत्ति नहीं है, लेकिन आसारेटा तलेन चौराहे पर इब्राहिम खां मंसूरी के घर के सामने बिजली के पोल को बचाने के लिए नाली को गलत तरीके से मोड़ दिया गया है। इससे निर्माण की गुणवत्ता और उपयोगिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
25 साल पुरानी नाली छोड़ने पर जताई नाराजगी
ग्रामीणों का आरोप है कि आसारेटा चौराहे से मंसूरी मस्जिद तक दोनों ओर पहले से बनी करीब 25 साल पुरानी नालियों को व्यवस्थित करने के बजाय सड़क के समीप नई नाली बनाई जा रही है। इससे सड़क संकरी हो रही है और दुकानदारों के अतिक्रमण की संभावना भी बढ़ रही है।
लोगों का कहना है कि पुरानी नाली को हटाकर या उसी स्थान पर व्यवस्थित तरीके से नई नाली बनाई जानी चाहिए थी, ताकि सड़क की चौड़ाई बनी रहे और वाहन चालकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
भाजपा नेताओं ने कार्यपालन यंत्री से चर्चा कर रुकवाया काम
ग्रामीणों की शिकायत के बाद भाजपा मंडल अध्यक्ष शेखर शर्मा और जिला मंत्री मनोहर सिंह परमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर राजगढ़ लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री दीपक कुमार उपाध्याय से चर्चा की।
भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुसार होना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। चर्चा के बाद फिलहाल नाली निर्माण कार्य को रुकवा दिया गया है।
मानक के अनुसार निर्माण की मांग
भाजपा जिला मंत्री मनोहर सिंह परमार और मंडल अध्यक्ष शेखर शर्मा ने कहा कि क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने मांग की कि जहां पुरानी नाली बनी हुई है, वहीं निर्धारित तकनीकी मापदंडों के अनुसार नई नाली का निर्माण किया जाए।
वहीं ग्रामीणों का कहना है कि उनका उद्देश्य निर्माण कार्य को रोकना नहीं है, बल्कि दोनों ओर व्यवस्थित और गुणवत्तापूर्ण नाली निर्माण कराना है, जिससे आने वाले वर्षों में लोगों को परेशानी न हो। उन्होंने प्रशासन और निर्माण एजेंसी से निष्पक्ष तरीके से कार्य कराने की मांग की है।
