माँ नर्मदा के पावन तट से गूंजा हर-हर महादेव का जयघोष
संवाददाता : कौशिक पण्डित
श्रावण के चौथे सोमवार गांगली घाट से निकली माँ गंगा कावड़ यात्रा, करोदिया पहुंचकर भगवान महादेव का किया जलाभिषेक
मनावर। श्रावण माह के चतुर्थ सोमवार के अवसर पर क्षेत्र में भगवान शिव की भक्ति और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सुबह से ही श्रद्धालु माँ नर्मदा के पावन जल को कावड़ में लेकर भगवान महादेव के जलाभिषेक के लिए अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। कावड़ यात्रा के दौरान पूरे मार्ग में हर-हर महादेव और माँ नर्मदा की जय के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी माँ गंगा कावड़ यात्रा का आयोजन माँ नर्मदा के पावन तट स्थित गांगली घाट से किया गया। यात्रा का शुभारंभ मनावर जनपद अध्यक्ष श्रीमती रुकमा रवि मुवेल ने विधि-विधानपूर्वक माँ नर्मदा की पूजा-अर्चना कर किया। कावड़ यात्रियों ने भी श्रद्धापूर्वक नर्मदा पूजन किया और यात्रा के सफल एवं मंगलमय होने की कामना की।
किसानों की सुख-समृद्धि के लिए की प्रार्थना
कावड़ यात्रा के माध्यम से देश और प्रदेश के अन्नदाता किसानों की सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की मंगलकामना की गई। श्रद्धालु माँ नर्मदा के पवित्र जल से सजी कावड़ लेकर गांगली घाट से करोदिया के लिए रवाना हुए। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
करोदिया पहुंचने के बाद कावड़ यात्रियों ने माँ नर्मदा के पवित्र जल से भगवान महादेव का जलाभिषेक किया। श्रद्धालुओं ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली के लिए भगवान शिव से प्रार्थना की।
जगह-जगह हुआ कावड़ यात्रा का स्वागत
कावड़ यात्रा का आजादिकोट में ग्रामीणों द्वारा पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। वहीं भाजपा ग्रामीण मंडल सिंघाना की ओर से भी श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया। इस दौरान सिंघाना मंडल अध्यक्ष प्रकाश पांडे, भाजपा ग्रामीण जिला प्रभारी विजय राठौर, भगवान मुकाती, विनोद सरगरा, बबलू सेगर, महेंद्र कोवचे, बबन कुशवाह, सन्नी राठौर, जगदीश सरपंच और दीपेश बिल्लौर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
भक्ति और आस्था से सराबोर हुआ क्षेत्र
यात्रा के दौरान श्रद्धालु भगवान शिव और माँ नर्मदा के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। “माँ नर्मदा की जय-जयकार, हर खेत-खलिहान में खुशहाली अपार” की भावना के साथ किसानों और क्षेत्रवासियों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की गई।
श्रावण माह में आयोजित इस धार्मिक कावड़ यात्रा ने पूरे क्षेत्र को आस्था, श्रद्धा और भक्ति के रंग में रंग दिया। यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि प्रदान करने की प्रार्थना की।
