गुनखेड़ में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए जमा किए दस्तावेज
वार्ड क्रमांक 10 के पंच मनीराम कुमरे और वार्ड क्रमांक 6 की पंच रेशमा कुमरे ने बीएलओ को सौंपे आवश्यक दस्तावेज
गुनखेड़। ग्राम पंचायत गुनखेड़ में मतदाता सूची से नाम हटने के बाद दो स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने अपने नाम दोबारा जुड़वाने के लिए आवश्यक दस्तावेज जमा किए हैं। मनीराम पिता रामलाल कुमरे और उनकी पत्नी रेशमा कुमरे ने संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) को दस्तावेज सौंपकर मतदाता सूची में नाम पुनः शामिल करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने का अनुरोध किया है।
जानकारी के अनुसार, मनीराम कुमरे और रेशमा कुमरे के नाम पिछले वर्षों में मतदाता सूची से हटा दिए गए थे। वर्तमान में मनीराम ग्राम पंचायत के वार्ड क्रमांक 10 से पंच हैं, जबकि रेशमा वार्ड क्रमांक 6 से पंच हैं। मतदाता सूची में नाम नहीं होने की जानकारी मिलने के बाद इस संबंध में पहले तहसीलदार को अवगत कराया गया था। इसके बाद तहसीलदार ने प्रकरण आवश्यक कार्रवाई के लिए बीएलओ के पास भेज दिया था।

इसी क्रम में दोनों जनप्रतिनिधि कई ग्रामवासियों के साथ बीएलओ के पास पहुंचे और मतदाता सूची में अपने नाम पुनः जुड़वाने के लिए आवश्यक दस्तावेज जमा किए। अब दस्तावेजों के सत्यापन और निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मतदाता सूची में नाम दर्ज होना मतदान के अधिकार के लिए आवश्यक है। ऐसे में संबंधित दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही दोनों के नाम दोबारा शामिल किए जाने पर निर्णय होगा।
दैनिक स्वराज वाणी
रिपोर्टर: आशीष ठाकरे
