25 वर्ष की समर्पित सेवा को सलाम, ग्रेसिम उद्योग ने शिक्षकों का किया सम्मान
तीन शिक्षण संस्थानों के 10 शिक्षक और 40 से अधिक विभागीय प्रशिक्षक हुए सम्मानित
संवाददाता: नीलेश मेहता, नागदा
नागदा। ग्रेसिम उद्योग की ओर से शिक्षक दिवस के अवसर पर स्थानीय तीनों शिक्षण संस्थानों के शिक्षकों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए 25 वर्ष की सेवा पूरी करने वाले शिक्षकों का अभिनंदन किया गया।
जनसंपर्क अधिकारी कमल सेठी ने बताया कि समारोह में फायबर व्यवसाय के ग्लोबल मार्केटिंग हेड मुरुगन टी., इकाई प्रमुख एवं अध्यक्ष शांतनु कुलकर्णी, पल्लवी कुलकर्णी, मानव संसाधन प्रबंधन प्रमुख सुधीर कुमार सिंह और सुमन सिंह अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने शिक्षकों एवं विभागीय प्रशिक्षकों का सम्मान कर उनके योगदान की सराहना की।
विद्यार्थियों ने गुरुजनों के प्रति जताया आभार
समारोह के दौरान तीनों विद्यालयों के विद्यार्थियों ने संगीतमय एवं रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से गुरुजनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की। कार्यक्रम में विद्यालयों के प्राचार्य सुनील कुमार, पंकज सोमानी और शिखा सक्सेना ने भी अपने विचार रखे।
25 वर्ष की सेवा पूरी करने वाले 10 शिक्षक सम्मानित
समारोह में सेवाकाल के 25 वर्ष पूरे करने वाले 10 शिक्षकों को शाल, पुष्पगुच्छ एवं सम्मान-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इनमें आदित्य बिरला सीनियर सेकेंडरी स्कूल की रजनी शिंदे, ऋतु सिंह, मीनाक्षी शर्मा, संगीता शर्मा, आभा गंगराड़े, शिखा सक्सेना एवं महेश शर्मा शामिल रहे।
इसके अलावा आदित्य बिरला पब्लिक स्कूल के प्रवीण गुप्ता एवं शिल्पा नीमा तथा आदित्य बिरला हायर सेकेंडरी स्कूल की साधना राठौर को भी 25 वर्ष की समर्पित सेवा के लिए सम्मानित किया गया।
समारोह में संस्थान के कार्यस्थल पर विभिन्न वर्गों के कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने वाले 40 से अधिक विभागीय प्रशिक्षकों को भी स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
संयुक्त रूप से किया कार्यक्रम का संचालन
कार्यक्रम का संचालन मानव संसाधन विभाग की एकता शर्मा और श्रुति शुक्ला ने संयुक्त रूप से किया। समापन पर मानव संसाधन प्रबंधन विभाग प्रमुख अंकुर पारीक ने अतिथियों, शिक्षकों, प्रशिक्षकों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों के योगदान की सराहना की।
