रिपोर्ट नरेन्द्र सिरवी
स्व. ओमप्रकाश गोयल की प्रथम पुण्यतिथि पर दो दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ
*पहले ही दिन 525 से अधिक लोगों ने कराया पंजीयन, विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी स्वास्थ्य सेवाएं*
Anjad, 01 अगस्त। स्वर्गीय ओमप्रकाश गोयल की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर मानव सेवा समिति एवं गोयल सेवा ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में अंजड पब्लिक स्कूल, ठीकरी रोड पर आयोजित दो दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ शनिवार को हुआ। शिविर में धीरज हॉस्पिटल, बड़ौदा के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम विभिन्न रोगों की जांच, परामर्श एवं उपचार सेवाएं प्रदान कर रही है।
शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक बड़वानी श्री पद्मविलोचन शुक्ल ने किया। कार्यक्रम में पाटीदार समाज के अध्यक्ष श्री गोविंद आवल्या एवं युवा उद्योगपति श्री संजय पाटनी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सीए श्री सत्यनारायण गोयल ने की। इस अवसर पर समाजसेवी श्री महादेव धनगर एवं धीरज हॉस्पिटल के श्री शिवराज सिंह भी मंचासीन रहे।
कार्यक्रम के प्रारंभ में मानव सेवा समिति के अध्यक्ष श्री ओमप्रकाश खण्डेलवाल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए समिति द्वारा किए जा रहे जनसेवा कार्यों एवं भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। वहीं समिति के सचिव श्री पीयूष जैन ने सचिवीय प्रतिवेदन प्रस्तुत कर आगामी सेवा गतिविधियों से सभी को अवगत कराया।

“नर सेवा ही नारायण सेवा” का संदेश
मुख्य अतिथि श्री पद्मविलोचन शुक्ल ने अपने उद्बोधन में कहा कि मानव सेवा सबसे बड़ा धर्म है। उन्होंने भगवान श्रीराम के सेतु निर्माण में गिलहरी के योगदान का उदाहरण देते हुए कहा कि सेवा के लिए बड़े संसाधनों की नहीं, बल्कि संवेदनशील मन और सेवा भाव की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि समाज में भले ही अनेक चुनौतियां हों, लेकिन प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने हिस्से का दीपक जलाए तो पूरे समाज में उजाला फैल सकता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सीए श्री सत्यनारायण गोयल ने कहा कि स्वस्थ शरीर ही स्वस्थ समाज की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि जीवन की वास्तविक सार्थकता दूसरों के लिए जीने और समाज के हित में निरंतर कार्य करने में है। ऐसे स्वास्थ्य शिविर समाज में सेवा, संवेदना और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।

नीट में सफलता पर छात्रा का सम्मान
स्वास्थ्य शिविर के शुभारंभ अवसर पर प्रतिभा सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नीट परीक्षा में सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन करने वाली छात्रा सायमा मंसूरी को अतिथियों द्वारा विशेष रूप से सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथियों ने सायमा मंसूरी को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनकी उपलब्धि की सराहना की और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
अतिथियों ने कहा कि कठिन परिश्रम, लगन और निरंतर प्रयास से ही सफलता प्राप्त होती है। सायमा की उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है और यह संदेश देती है कि मेहनत के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने छात्रा की सफलता पर हर्ष व्यक्त किया और उनके परिवार को भी बधाई दी। समारोह में समाजसेवी, चिकित्सक, समिति के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन श्री धर्मेंद्र जैन ने किया। उन्होंने पूरे आयोजन को व्यवस्थित रूप से संचालित करते हुए अतिथियों एवं उपस्थित जनसमुदाय का मार्गदर्शन किया। अंत में श्री गौतम लुंकड़ ने सभी अतिथियों, चिकित्सकों, सहयोगियों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए धन्यवाद दिया।
पहले दिन उमड़ा जनसैलाब
शिविर के प्रति लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला। पहले दिन दोपहर 3 बजे तक 525 से अधिक लोगों का पंजीयन किया जा चुका था। बड़ी संख्या में मरीजों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य परामर्श एवं जांच का लाभ उठाया।

निःशुल्क उपलब्ध हैं अनेक विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं
शिविर में हृदय रोग, हड्डी रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग, दंत रोग, नाक-कान-गला, पेट एवं पाचन संबंधी रोग, चर्म रोग, शिशु रोग, कैंसर परामर्श, नेत्र रोग, मानसिक स्वास्थ्य, उच्च रक्तचाप, घुटनों के दर्द, फिजियोथेरेपी, स्पीच थेरेपी तथा श्रवण संबंधी समस्याओं सहित अनेक रोगों की विशेषज्ञ जांच एवं परामर्श पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है। आवश्यक दवाइयों का वितरण भी निशुल्क किया जा रहा है।
समिति ने बताया कि जिन मरीजों को आगे उपचार अथवा ऑपरेशन की आवश्यकता होगी, उन्हें धीरज हॉस्पिटल, बड़ौदा में न्यूनतम शुल्क पर उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। गंभीर मरीजों के लिए अंजड से बड़ौदा तक निःशुल्क वाहन सुविधा भी समिति द्वारा प्रदान की जाएगी।
यह दो दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर रविवार को भी जारी रहेगा, जिसमें अधिक से अधिक लोगों से स्वास्थ्य लाभ लेने की अपील की गई है।
