CS परीक्षा में देश में प्रथम रहीं विधी सुथार का नागदा में भव्य स्वागत, ढोल-ढमाकों और आतिशबाजी के बीच हुआ अभिनंदन
ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल कर बढ़ाया नागदा का गौरव, विधी बोलीं- लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करें तो सफलता निश्चित; रोज 6 घंटे सेल्फ स्टडी बनी कामयाबी की कुंजी
नागदा भारतीय कम्पनी सचिव संस्थान (द इंस्टीट्यूट ऑफ कम्पनी सेक्रेटरीज ऑफ इंडिया) द्वारा आयोजित एक्जीक्यूटिव प्रोग्राम परीक्षा के जून 2026 सत्र में पूरे देश में प्रथम स्थान हासिल करने वाली विधी सुथार का अपने ननिहाल नागदा पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल कर विधी ने अपने परिवार के साथ नागदा नगर का नाम भी राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।
विधी सुथार लायन्स क्लब नागदा ग्रेटर के पूर्व अध्यक्ष लॉयन विनय राज शर्मा और व्यवसायी अनिल शर्मा की भांजी हैं। उनकी शानदार उपलब्धि की जानकारी मिलने के बाद से ही परिवार और शुभचिंतकों में उत्साह था। शुक्रवार को जब वे अपनी मां प्रियंका सुथार के साथ नागदा पहुंचीं तो उनका जोरदार अभिनंदन किया गया।
ढोल-ढमाकों और आतिशबाजी से हुआ स्वागत
नागदा आगमन पर विधी सुथार का स्वागत उत्सव के रूप में किया गया। ढोल-ढमाकों और आतिशबाजी के बीच परिवारजनों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों और नगर के गणमान्य नागरिकों ने पुष्पमालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया।
देशभर में सीएस एक्जीक्यूटिव परीक्षा में पहला स्थान हासिल करने पर उपस्थित लोगों ने विधी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। स्वागत के दौरान परिवार के सदस्यों में भी विशेष उत्साह दिखाई दिया।
‘सफलता चाहिए तो लक्ष्य निर्धारित करना जरूरी’

अपनी सफलता को लेकर विधी सुथार ने कहा कि उन्हें पूरे परिवार, खासकर माता-पिता का पूरा सहयोग मिला। उन्होंने विद्यार्थियों को संदेश देते हुए कहा कि यदि सफलता हासिल करनी है तो सबसे पहले मन में उसे पाने का दृढ़ संकल्प करना होगा और अपना लक्ष्य निर्धारित करना होगा। लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर लगातार मेहनत की जाए तो सफलता जरूर मिलती है।
विधी ने अपनी तैयारी के बारे में भी विस्तार से बताया। उन्होंने पिछले वर्ष मई में उदयपुर की बडाला क्लासेस ज्वाइन की थी। वहां सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक कोचिंग की कक्षाएं चलती थीं।
कोचिंग के बाद रोज 6 घंटे सेल्फ स्टडी
विधी के मुताबिक लंबी कोचिंग क्लास के बावजूद उन्होंने स्व-अध्ययन को अपनी तैयारी का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया। क्लास से लौटने के बाद वे उसी दिन पढ़ाए गए विषयों का रिवीजन करती थीं।
कोचिंग के अतिरिक्त प्रतिदिन करीब 6 घंटे सेल्फ स्टडी करती थीं। छुट्टी के दिनों में पढ़ाई का समय और बढ़ जाता था और वे करीब 8 से 10 घंटे तक अध्ययन करती थीं।
लगातार रिवीजन, नियमित पढ़ाई और निर्धारित लक्ष्य के साथ की गई तैयारी ने उन्हें देशभर में पहला स्थान हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
शिक्षकों को दिया सफलता का श्रेय
विधी ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और परिवार के साथ अपने शिक्षकों को भी दिया। उन्होंने बताया कि शिक्षकों ने उनकी क्षमता पर पूरा भरोसा जताया और तैयारी के दौरान लगातार मार्गदर्शन किया।
विधी का कहना है कि परीक्षा की तैयारी में सही मार्गदर्शन के साथ अनुशासन और नियमित अध्ययन बेहद जरूरी है। परीक्षा के अंतिम दिनों में ही अधिक पढ़ने के बजाय शुरुआत से निरंतर तैयारी करना उनके लिए फायदेमंद साबित हुआ।
परिवार में भी मजबूत शैक्षणिक माहौल
विधी सुथार के परिवार में शिक्षा का मजबूत माहौल रहा है। उनके पिता आशुतोष सुथार सिविल इंजीनियर हैं, जबकि मां प्रियंका सुथार एमकॉम-बीएड हैं। उनके बड़े भाई यश सुथार दिल्ली में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में कार्यरत हैं।
परिवार से मिले सहयोग और प्रोत्साहन को विधी अपनी सफलता में बेहद महत्वपूर्ण मानती हैं।
अब CS फाइनल में शानदार प्रदर्शन का लक्ष्य
सीएस एक्जीक्यूटिव में ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल करने के बाद विधी ने अगला लक्ष्य भी तय कर लिया है। अब उनका उद्देश्य सीएस फाइनल में भी शानदार प्रदर्शन करना है।
इसके बाद वे किसी प्रतिष्ठित कंपनी से जुड़कर अपने प्रोफेशनल करियर को आगे बढ़ाना चाहती हैं। परिवार और शुभचिंतकों ने विश्वास जताया कि जिस मेहनत और समर्पण से उन्होंने सीएस एक्जीक्यूटिव में देश में पहला स्थान हासिल किया है, उसी तरह आगे भी सफलता प्राप्त करेंगी।
इन्होंने किया विधी का भव्य स्वागत

विधी के नागदा आगमन पर उनकी नानी सुभद्रादेवी शर्मा, मामा लॉयन विनय राज शर्मा, अनिल शर्मा, पूर्व विधायक दिलीपसिंह गुर्जर, वरिष्ठ कांग्रेस नेता बाबुलाल गुर्जर, गोविन्दलाल मोहता, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि ओमप्रकाश गेहलोत, किराना व्यापारी संघ के संरक्षक मनोज राठी, पूर्व अध्यक्ष किशोर सेठिया, रमेशचन्द्र पाल, वरिष्ठ पत्रकार कैलाश सनोलिया और रविन्द्र रघुवंशी सहित बड़ी संख्या में गणमान्यजन मौजूद रहे।
इसके अलावा लायन्स डिस्ट्रिक्ट 3233-जी2 के प्रथम वाइस गवर्नर पीएमजेएफ लॉयन डॉ. पंकज मारू, रीजन चेयरपर्सन लॉयन वीरेन्द्र मालपानी, लायन्स क्लब नागदा ग्रेटर के अध्यक्ष डॉ. ओम बैरागी, प्रथम उपाध्यक्ष लॉयन सलीम खान, सचिव लॉयन इंजी. रोहित प्रजापत, लॉयन झमक राठी, लॉयन रवि कांठेड, लॉयन निर्मल जैन, लॉयन अजय गरवाल, लॉयन अजय पोरवाल, लॉयन आनन्दीलाल गगरानी, लॉयन मुकेश राठौर, लॉयन प्रकाश राठी, लॉयन रवि कुमार शर्मा और लॉयन सोनू मारू ने भी विधी का स्वागत किया।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष लोकेश चौहान, लियो क्लब नागदा ग्रेटर अध्यक्ष लियो आनन्द पोरवाल, लियो शुभम मोहता, लियो हर्षल धाकड़, लियो अनुज कांठेड, जैनुल खान, कायाकल्प तैराकी संघ के दिलीप बघेल, अमित नवादावाला, रविश नाथूरामका, अरुण शर्मा, जय मराठा, डॉ. प्रदीप रावल, कमल सहारा, मनीष सोनी, लक्की, ऋषभ खंडेलवाल, विरेन्द्रसिंह कटियार और रूपेश गेलड़ा सहित अनेक शुभचिंतक उपस्थित रहे।
परिवारजनों ने जताया हर्ष
विधी की सफलता पर परिवार के सदस्यों में भी खुशी का माहौल है। मदनलाल शर्मा, बद्रीलाल विश्वकर्मा, सत्यनारायण शर्मा, अशोक शर्मा, अरुण शर्मा, विजय विश्वकर्मा, अजय विश्वकर्मा, अखिलेश शर्मा, पंकज शर्मा, मयंक शर्मा, सिद्धार्थ शर्मा, जय शर्मा, जयंत शर्मा, नमन शर्मा, अभिषेक विश्वकर्मा और शिवम विश्वकर्मा सहित परिवारजनों ने हर्ष व्यक्त करते हुए विधी को शुभकामनाएं दीं।
उपस्थित लोगों ने विधी की उपलब्धि को नागदा के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए कहा कि कठिन परिश्रम, लगन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से हासिल यह सफलता विद्यार्थियों और युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। सीएस एक्जीक्यूटिव परीक्षा में देशभर में प्रथम स्थान हासिल कर विधी सुथार ने परिवार के साथ नागदा का नाम भी राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।
