Bundeli Chef Season 4 में नैन्सी शिवहरे के सिर सजा जीत का ताज
बेंगलुरु की नैन्सी शिवहरे बनीं विजेता, ललितपुर की स्वाती जैन फर्स्ट रनरअप और टीकमगढ़ की प्रतिभा मिश्रा रहीं द्वितीय रनरअप
मध्य प्रदेश, सितंबर 2026। बुंदेलखंड की पारंपरिक पाक-कला, स्थानीय स्वाद और महिला प्रतिभाओं को मंच देने वाली लोकप्रिय पाक-कला प्रतियोगिता Bundeli Chef Season 4’ का ग्रैंड फिनाले रविवार को झांसी में उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। लाखों दर्शकों के बीच अपनी पहचान बना चुके डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म बुंदेलखंड 24×7 द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में पांच प्रतिभागियों ने अपनी पाक-कला का प्रदर्शन किया।
कड़े मुकाबले के बाद बेंगलुरु की नैन्सी शिवहरे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बुंदेली शेफ सीजन-4 का खिताब अपने नाम किया। वहीं ललितपुर की स्वाती जैन फर्स्ट रनरअप और टीकमगढ़ की प्रतिभा मिश्रा द्वितीय रनरअप रहीं। फाइनल मुकाबले में भोपाल की हेमा गुप्ता और इंदौर की सुरुचि जैन ने भी अपने स्वादिष्ट एवं आकर्षक व्यंजनों से निर्णायकों और दर्शकों को प्रभावित किया।
प्रतिभागियों द्वारा तैयार किए गए व्यंजनों का मूल्यांकन निर्णायक मंडल ने किया। निर्णायक मंडल में अपना दल (एस) महिला मंच की राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपमाला कुशवाहा और प्रसिद्ध शेफ संजय शर्मा शामिल रहे। इस अवसर पर काजल कुशवाहा भी मौजूद रहीं।
पारंपरिक स्वाद को पहचान दिलाना उद्देश्य
बुंदेलखंड 24×7 के फाउंडर डॉ. अतुल मलिकराम ने कहा कि बुंदेली शेफ का उद्देश्य केवल पाक-कला प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं है, बल्कि बुंदेलखंड के पारंपरिक स्वाद और प्रतिभाओं को व्यापक पहचान दिलाना भी है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाली प्रतिभाओं का हुनर केवल मंच तक सीमित न रहे, बल्कि उन्हें आगे बढ़ने और अपने कौशल को व्यवसाय में बदलने के अवसर भी मिलें, यही प्रयास है।
दीपमाला कुशवाहा ने सभी फाइनलिस्ट को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बुंदेली शेफ सीजन-4 की महिला फाइनलिस्ट महिला सशक्तीकरण की प्रेरणादायक मिसाल हैं। उन्होंने कहा कि प्रतिभागियों ने अपने घर और किचन की सीमाओं से आगे बढ़कर बुंदेलखंड के पारंपरिक स्वाद, संस्कृति और पहचान को व्यापक स्तर तक पहुंचाने का सराहनीय प्रयास किया है।
उन्होंने सभी फाइनलिस्ट की तैयारी और प्रतिभा की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रतिभागियों को मिलेगा व्यवसाय शुरू करने का अवसर
बुंदेली शेफ के मंच से प्रतिभागियों को आगे बढ़ाने के लिए बुंदेलखंड 24×7 की ओर से एक महत्वपूर्ण पहल की घोषणा भी की गई। इसके तहत सीजन-1 से सीजन-4 तक के सभी सेमीफाइनलिस्ट और फाइनलिस्ट को अपने पाक-कौशल को व्यवसाय में बदलने का अवसर दिया जाएगा।
जो महिला प्रतिभागी क्लाउड किचन, होम-बेस्ड फूड बिजनेस या कुकिंग से जुड़ा स्टार्टअप शुरू करना चाहती हैं, वे अपना बिजनेस आइडिया और पिच नोट बुंदेलखंड 24×7 के साथ साझा कर सकेंगी। प्राप्त प्रस्तावों का मूल्यांकन करने के बाद चयनित प्रतिभागियों को उद्यम शुरू करने के लिए चैनल की ‘प्रगति’ पहल के माध्यम से फंडिंग उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
इस पहल का उद्देश्य महिलाओं की पाक-कला प्रतिभा को प्रतियोगिता तक सीमित रखने के बजाय उसे रोजगार, स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ना है। इसके माध्यम से प्रतिभागियों को अपने हुनर को स्थायी व्यवसाय में बदलने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल सकेगा।
बुंदेली व्यंजनों को मिल रहा नया मंच
बुंदेली शेफ के माध्यम से बुंदेलखंड के पारंपरिक व्यंजनों, स्थानीय स्वाद और पाक-कला से जुड़ी प्रतिभाओं को लगातार मंच प्रदान किया जा रहा है। सीजन-4 में ऑडिशन और विभिन्न चरणों के बाद पांच प्रतिभागियों ने ग्रैंड फिनाले में अपनी जगह बनाई और खिताब के लिए मुकाबला किया।
आयोजन को सफल बनाने में विभिन्न सहयोगी संस्थाओं की भी भूमिका रही। शुद्ध मसाला ने मसाला पार्टनर, ट्रॉफी हाउस ने ट्रॉफी पार्टनर और पीआर 24×7 ने पीआर पार्टनर के रूप में सहयोग किया। वहीं रुद्राणी कलाग्राम ने भी आयोजन की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
ग्रैंड फिनाले में नैन्सी शिवहरे की जीत ने एक बार फिर साबित किया कि प्रतिभा और मेहनत को सही मंच मिले तो स्थानीय स्वाद और पारंपरिक पाक-कला को भी व्यापक पहचान दिलाई जा सकती है। बुंदेली शेफ की यह पहल महिला प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ बुंदेलखंड की समृद्ध खान-पान परंपरा को नई पीढ़ी और व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम के रूप में सामने आई है।
