संगठन की मजबूती, जनसेवा और विकसित मध्यप्रदेश के संकल्प के साथ भाजपा जिला कार्यसमिति की बैठक संपन्न
पांच सत्रों में राजनीतिक प्रस्ताव, सिंहस्थ-2028, महिला सशक्तीकरण, कृषक कल्याण, सामाजिक समरसता और सेवा संकल्प अभियान पर हुआ मंथन
नागदा। भारतीय जनता पार्टी उज्जैन ग्रामीण की जिला कार्यसमिति की बैठक 7 सितंबर को नागदा के स्नेह कुंज परिसर में आयोजित की गई। संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण इस बैठक में जिले के पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, जनप्रतिनिधियों और जिला कार्यसमिति सदस्यों ने सहभागिता की।
बैठक में संगठन की आगामी कार्ययोजना, राजनीतिक एवं सामाजिक विषयों, सिंहस्थ-2028 की तैयारियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवा संकल्प अभियान को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं ‘वंदे मातरम्’ गान के साथ हुआ। इसके बाद भाजपा परिवार के दिवंगत सदस्यों और कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मौन रखा गया।
पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित
बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश धाकड़, जिला प्रभारी एवं प्रदेश मंत्री बबीता परमार, सिंहस्थ मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल, मध्य प्रदेश गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष ओम जैन, सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक किशन भतौल, पूर्व असंगठित कामगार मंडल अध्यक्ष सुल्तान सिंह शेखावत, पूर्व जिलाध्यक्ष श्याम बंसल और बहादुर सिंह बोरमुंडला उपस्थित रहे।
इसके साथ ही जिला पंचायत अध्यक्ष कमलाकुंवर अंतरसिंह देवड़ा, जिला महामंत्री राकेश यादव एवं श्याम शर्मा सहित पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता बैठक में शामिल हुए।
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
बैठक के प्रथम सत्र में जिलाध्यक्ष राजेश धाकड़ ने कार्यसमिति को संबोधित किया। उन्होंने स्वागत भाषण के बाद संगठनात्मक कार्यक्रमों में समय प्रबंधन, अनुशासन और सक्रिय सहभागिता को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से निर्धारित समय-सारणी के अनुसार कार्यक्रमों को संचालित करने का आग्रह किया।
जिलाध्यक्ष ने पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से संगठन की आगामी गतिविधियों, जनसंपर्क अभियानों और विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय और प्रभावी बनाकर ही जनसेवा के कार्यों को व्यापक स्वरूप दिया जा सकता है।
उन्होंने मंडल अध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में संगठनात्मक कार्यक्रमों और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए टोलियां गठित कर प्रभारी नियुक्त करने के निर्देश दिए। साथ ही 9 सितंबर को प्रत्येक मंडल में बैठक आयोजित कर आगामी कार्यक्रमों की कार्ययोजना को गति देने पर जोर दिया।
‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान की दी जानकारी
राजेश धाकड़ ने बैठक में ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान की रूपरेखा भी प्रस्तुत की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन की सेवा यात्रा, केंद्र सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग से संपर्क स्थापित किया जाए और पात्र नागरिकों को सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने में कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका निभाएं।
राजनीतिक प्रस्ताव किया गया प्रस्तुत
बैठक के दूसरे सत्र में जिला प्रभारी एवं भाजपा प्रदेश मंत्री बबीता परमार ने राजनीतिक प्रस्ताव प्रस्तुत किया। उन्होंने संगठन की नीतियों, वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।
सत्र में पार्टी की गतिविधियों को बूथ स्तर तक प्रभावी रूप से पहुंचाने और जनकल्याण से जुड़े विषयों पर जनता के बीच संवाद बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
सिंहस्थ-2028 होगा भव्य और दिव्य: अग्रवाल
तीसरे सत्र में सिंहस्थ मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल ने ‘विकसित मध्यप्रदेश एवं सिंहस्थ-2028 उज्जैन’ विषय पर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2028 में उज्जैन में आयोजित होने वाला सिंहस्थ भव्य, दिव्य, अविस्मरणीय और अलौकिक होगा।
उन्होंने बताया कि करीब 40 करोड़ श्रद्धालुओं के संभावित आगमन को ध्यान में रखते हुए व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं विकसित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में सिंहस्थ से संबंधित विकास कार्यों को गति दी जा रही है।
अग्रवाल ने मध्य प्रदेश में औद्योगिक विकास और निवेश की दिशा में किए जा रहे कार्यों की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि महाकाल लोक के निर्माण के बाद उज्जैन में धार्मिक पर्यटन को नई गति मिली है और शहर का धार्मिक एवं आर्थिक महत्व बढ़ा है।
महिला सशक्तीकरण और युवा कल्याण पर चर्चा
चौथे सत्र में मध्य प्रदेश गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष ओम जैन ने महिला सशक्तीकरण, युवा कल्याण, स्वास्थ्य और समान नागरिक संहिता विधेयक जैसे विषयों पर विचार व्यक्त किए।
उन्होंने महिला एवं युवा वर्ग के कल्याण, स्वास्थ्य सुविधाओं और सामाजिक एवं विधिक विषयों को लेकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। योजनाओं की जानकारी पात्र लोगों तक पहुंचाने में संगठन की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया गया।
कृषक कल्याण और सामाजिक समरसता पर मंथन
अगले विषयगत सत्र में पूर्व जिलाध्यक्ष श्याम बंसल ने कृषक कल्याण-2026, जल संरक्षण, गौ-संवर्धन, दुग्ध उत्पादन, गरीब कल्याण और सामाजिक समरसता पर विचार रखे। बैठक में संत रविदास महाराज की 650वीं जयंती से जुड़े कार्यक्रमों पर भी चर्चा की गई।
कार्यसमिति ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने, जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने और आगामी अभियानों में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
बैठक के विभिन्न सत्रों में मंचासीन अतिथियों का जिला एवं मंडल पदाधिकारियों ने स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री राकेश यादव ने किया। जिला महामंत्री श्याम शर्मा ने आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगीत के साथ बैठक का समापन हुआ, जिसके बाद सभी कार्यकर्ताओं ने सहभोज में सहभागिता की।
उक्त जानकारी भाजपा मीडिया प्रभारी गजेंद्र परमार, उज्जैन एवं नीलेश मेहता, नागदा ने दी।
