आचार्य सुनील सागरजी महाराज के सानिध्य में विदेशों में मौजूद जैन धरोहरों के पोस्टरों का विमोचन
इंडोनेशिया के बोरोबुदुर में लगभग 22 हजार खंडित प्रतिमाएं प्राचीन विनाश की कहानी बयां कर रही हैं, पोस्टरों के जरिए दुनिया में फैली जैन विरासत को सामने लाने का प्रयास
Indore (ओम पाटोदी)। इंद्रपुरी चातुर्मास में विराजमान चतुर्थ पट्टाचार्य, प्राकृताचार्य एवं बहुभाषाविद् आचार्य श्री सुनील सागरजी महाराज ससंघ के सानिध्य में विदेशों में मौजूद जैन धरोहरों पर आधारित पोस्टरों का विमोचन किया गया। भारतवर्षीय दिगंबर जैन तीर्थ संरक्षिणी महासभा मध्य प्रदेश के पदाधिकारियों एवं समाज के गणमान्य लोगों ने वर्द्धमानपुर शोध संस्थान के ओम पाटोदी द्वारा संकलित इन पोस्टरों का विमोचन किया। पोस्टरों में भारत के बाहर विभिन्न देशों में मौजूद जैन धर्म की ऐतिहासिक धरोहरों और प्राचीन प्रतिमाओं की सचित्र जानकारी प्रस्तुत की गई है।
इस अवसर पर आचार्य श्री सुनील सागरजी महाराज ने उपस्थित समाजजनों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि ऐतिहासिक धरोहर सप्ताह हमें जागरूक करने आया है। हमें अपनी ऐतिहासिक धरोहरों को पहचानने के साथ उन्हें संजोकर रखने का प्रयास करना चाहिए।
कई देशों में मौजूद हैं जैन धर्म की प्राचीन धरोहरें
भारतवर्षीय दिगंबर जैन तीर्थ संरक्षिणी महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष टीके वेद एवं प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र सेठी ने बताया कि पोस्टरों के माध्यम से यह जानकारी दी गई है कि भारत के बाहर भी जैन धर्म की विशाल और महत्वपूर्ण ऐतिहासिक विरासत मौजूद है।
इनमें नेपाल, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश जैसे पड़ोसी देशों के साथ मेक्सिको, मिस्र, म्यांमार, चीन, इंडोनेशिया, थाईलैंड, कंबोडिया और वियतनाम जैसे देशों की धरोहरें शामिल हैं। इन देशों के विभिन्न नगरों और संग्रहालयों में जैन धर्म से संबंधित बड़े मंदिरों, धार्मिक संरचनाओं, देवी-देवताओं और तीर्थंकरों की प्रतिमाएं मौजूद हैं।
बोरोबुदुर में 22 हजार खंडित प्रतिमाएं
पुरातत्व संयोजक ओम पाटोदी ने बताया कि इंडोनेशिया के बोरोबुदुर में नंदिश्वर द्वीप और समवशरण से जुड़ी संरचनाएं, जबकि कंबोडिया के अंगकोर वाट में पंचमेरु की रचनाएं देखने को मिलती हैं।
उन्होंने बताया कि बोरोबुदुर में मंदिर के चारों ओर लगभग 22 हजार खंडित प्रतिमाएं रखी हुई हैं। ये प्रतिमाएं आक्रांताओं द्वारा की गई विनाशलीला की करुण कहानी बयां करती हैं। उन्होंने कहा कि विदेशों में मौजूद इन ऐतिहासिक और धार्मिक धरोहरों की जानकारी प्रत्येक भारतीय तक पहुंचनी चाहिए, ताकि हमारी समृद्ध विरासत के प्रति जागरूकता बढ़े।
समाज के गणमान्य लोग रहे उपस्थित
पोस्टर विमोचन के अवसर पर महासभा के प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र सेठी, महामंत्री कैलाश लुहाड़िया, कार्याध्यक्ष तल्लिन बड़जात्या, पुरातत्व संयोजक ओम पाटोदी, समाज के श्रेष्ठी राजमल काला, इंद्र कुमार सेठी, गिरिश पाटोदी, तेजकुमार पाटोदी, वर्द्धमानपुर शोध संस्थान के स्वप्निल जैन, अभय पाटोदी और दिलीप पाटनी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की जानकारी राकेश पाटनी एवं इंदौर रीजन अध्यक्ष पवन पाटोदी ने दी।
