खजराना गणेश मंदिर के गर्भगृह में विधायक के बेटे को प्रवेश देने पर कार्रवाई, पुजारी सहित चार पर गिरेगी गाज
मंदिर प्रबंधक और सहायक प्रबंधक को नोटिस जारी, ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मी होगा बर्खास्त; सुरक्षा एजेंसी पर भी लगेगा जुर्माना
Indore । प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर के प्रतिबंधित गर्भगृह में विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला को नियमों का उल्लंघन कर प्रवेश देने के मामले में जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मामले में मंदिर प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों, पुजारियों और सुरक्षा कर्मचारियों पर कार्रवाई की जा रही है। मंदिर प्रबंधक और सहायक प्रबंधक को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है, जबकि घटना के समय ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मी को बर्खास्त करने की तैयारी है।
मंदिर प्रबंधक और सहायक प्रबंधक को नोटिस
कलेक्टर मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष हैं। उनके निर्देश पर मंदिर प्रबंधक घनश्याम शुक्ला और सहायक प्रबंधक गौरीशंकर मिश्रा को नोटिस जारी किया गया है। प्रशासन ने उनसे गर्भगृह में प्रतिबंध के बावजूद प्रवेश की घटना को लेकर स्पष्टीकरण मांगा है।
पुजारियों से भी मांगा जाएगा जवाब
गर्भगृह की पूजा व्यवस्था देखने वाले भट्ट परिवार के दोनों पुजारियों को भी तलब किया गया है। उनसे पूछा जाएगा कि प्रतिबंधित क्षेत्र में रुद्राक्ष शुक्ला को प्रवेश और दर्शन की अनुमति किन परिस्थितियों में दी गई। इसके अलावा मंदिर के सुरक्षा अधिकारी रवि प्रकाश के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।
ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मी होगा बर्खास्त
घटना के समय गर्भगृह की सुरक्षा में तैनात कर्मचारी को बर्खास्त करने का निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही संबंधित सुरक्षा एजेंसी पर आर्थिक जुर्माना भी लगाया जाएगा। प्रशासन का मानना है कि प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश रोकने की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों की थी।
कोविड काल से आम श्रद्धालुओं के लिए बंद है गर्भगृह
खजराना गणेश मंदिर का गर्भगृह कोविड काल से ही आम श्रद्धालुओं के लिए प्रतिबंधित है। इसके बावजूद नियमों के उल्लंघन का मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई शुरू की है। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए मंदिर की सुरक्षा और प्रवेश व्यवस्था को और सख्त करने की तैयारी है।
