Mahidpur रोड में आगम मंदिर स्थापना का भव्य आयोजन संपन्न, विधायक दिनेश जैन बौस सहित बोथरा परिवार ने लिया धर्मलाभ
साध्वी डॉ. अमृतरसा श्रीजी महाराज साहेब के सानिध्य में विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ हुई स्थापना, बड़ी संख्या में समाजजन हुए शामिल
Mahidpur रोड। नगर में चातुर्मास के लिए विराजित साध्वी डॉ. अमृतरसा श्रीजी महाराज साहेब एवं उनके साथ विराजित साध्वी मंडल के सानिध्य में शुक्रवार को श्री राजेंद्र सूरी ज्ञान मंदिर में आगम मंदिर स्थापना का भव्य धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ। विधि-विधान, पूजा-अर्चना और मंत्रोच्चार के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में जैन समाज के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर धर्म और पुण्य का लाभ लिया। पूरे आयोजन के दौरान वातावरण भक्तिमय बना रहा।
आगम मंदिर स्थापना की समस्त धार्मिक क्रियाएं विधिकारक निकित मेहता एवं मंदसौर के महावीर जैन के मार्गदर्शन में संपन्न कराई गईं। करीब दो घंटे तक चले इस आयोजन में समाजजनों ने पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ सहभागिता की।
बोथरा परिवार ने लिया स्थापना का लाभ
आगम मंदिर स्थापना का मुख्य लाभार्थी बनने का सौभाग्य रमेशचंद बोथरा, विधायक दिनेश जैन बौस, राजेश कुमार, मनोज कुमार, अजीत कुमार, राहुल कुमार, हर्ष, दर्शन, मन बोथरा एवं समस्त बोथरा परिवार को प्राप्त हुआ। साध्वीश्री की आज्ञा और मार्गदर्शन में परिवार ने इस धार्मिक आयोजन का लाभ लिया।

आगम जैन धर्म की अमूल्य धरोहर : सचिन भंडारी
जैन समाज के प्रदेश मीडिया प्रभारी सचिन भंडारी ने कहा कि आगम जैन धर्म का आधार हैं। इनमें जिनवाणी का अमूल्य ज्ञान और धर्म का सार समाहित है। आगम मंदिर की स्थापना से समाज में धर्म, ज्ञान, संस्कार और जिनशासन के प्रति आस्था और अधिक मजबूत होगी। यह आयोजन आने वाली पीढ़ियों को भी जैन धर्म की महान परंपरा और सिद्धांतों से जोड़ने का माध्यम बनेगा।
पुण्य से प्राप्त हुआ यह सौभाग्य : विधायक दिनेश जैन बौस
विधायक दिनेश जैन बौस ने कहा कि देव-गुरु-धर्म और पूज्य साध्वीश्री के आशीर्वाद से उनके परिवार को आगम मंदिर स्थापना का लाभ लेने का अवसर मिला है। यह उनके परिवार के लिए अत्यंत सौभाग्य और अनमोल क्षण है। उन्होंने इसे पूर्व जन्मों के पुण्य का प्रतिफल बताते हुए इस अवसर पर प्रसन्नता व्यक्त की।
आयोजन के समापन पर लाभार्थी बोथरा परिवार ने कार्यक्रम में उपस्थित होकर धार्मिक आयोजन को सफल बनाने वाले समस्त समाजजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। आगम मंदिर स्थापना के इस आयोजन ने नगर में धर्म, श्रद्धा और जिनशासन के प्रति समर्पण का संदेश दिया।
