ऐतिहासिक करधेन तालाब के संरक्षण के लिए आगे आए युवा, संजीव नायक ने किया श्रमदान
छह दिनों से लगातार सफाई में जुटे अंकित राठौर के प्रयासों की सराहना, युवाओं से तालाब की स्वच्छता और संरक्षण की जिम्मेदारी उठाने की अपील
Daboh। नगर के ऐतिहासिक करधेन तालाब की स्वच्छता और संरक्षण को लेकर जनभागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से प्रदेश सहसंयोजक एवं एडवोकेट संजीव नायक ने तालाब परिसर में श्रमदान किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के युवाओं से आगे आकर नगर की ऐतिहासिक धरोहर को स्वच्छ और सुरक्षित बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।
संजीव नायक ने कहा कि ऐतिहासिक तालाब केवल जलस्रोत नहीं होते, बल्कि वे नगर की पहचान और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा भी होते हैं। इनका संरक्षण करना किसी एक व्यक्ति या संस्था की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जनसहयोग और निरंतर प्रयासों से ही ऐतिहासिक धरोहरों को सुरक्षित रखा जा सकता है।
छह दिनों से श्रमदान कर रहे अंकित राठौर की सराहना
श्रमदान के दौरान संजीव नायक ने पिछले छह दिनों से लगातार करधेन तालाब की साफ-सफाई में जुटे अंकित राठौर हर्ष गोस्वामी के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि अंकित ने स्वयं आगे आकर जनहित के कार्य में योगदान दिया है, जो अन्य युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।
उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव केवल चर्चा करने से नहीं, बल्कि स्वयं पहल कर कार्य करने से आता है। युवाओं को ऐसे प्रयासों से प्रेरणा लेकर सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
युवाओं से एकजुट होकर जिम्मेदारी निभाने की अपील
संजीव नायक ने दबोह क्षेत्र के युवाओं से आपसी सहयोग और एकजुटता के साथ करधेन तालाब की स्वच्छता एवं संरक्षण की जिम्मेदारी संभालने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि युवा शक्ति किसी सकारात्मक उद्देश्य के लिए एकजुट होकर काम करे, तो नगर के विकास और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण बदलाव लाए जा सकते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि तालाब को स्वच्छ बनाए रखने के लिए निरंतर जनभागीदारी, जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना जरूरी है। केवल एक दिन की सफाई के बजाय नियमित प्रयासों से ही तालाब की स्वच्छता को बनाए रखा जा सकता है।
नगर परिषद से प्रभावी प्रयासों की अपेक्षा
संजीव नायक ने नगर परिषद से भी करधेन तालाब की सफाई और संरक्षण के लिए प्रभावी कदम उठाने की अपेक्षा जताई। साथ ही उन्होंने आम नागरिकों और युवाओं से नगर परिषद द्वारा किए जा रहे कार्यों पर सजग निगरानी रखने की अपील की, ताकि तालाब के संरक्षण से जुड़े प्रयास लगातार जारी रहें और स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनी रहे।
श्रमदान में स्थानीय नागरिकों ने लिया हिस्सा
इस अवसर पर युवा समाजसेवी धर्मेंद्र कुरचनिया, ठेकेदार अखलेश उदैनिया, इंजीनियर अंकुर साहनी, पर्यावरण प्रेमी मनमोहन राय, गुट्टू अमित और नगर परिषद कर्मचारी अरुण तिवारी सहित अनेक स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने श्रमदान के माध्यम से स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के माध्यम से ऐतिहासिक करधेन तालाब को स्वच्छ रखने, स्थानीय धरोहरों के संरक्षण और जनभागीदारी को मजबूत करने की अपील की गई।
रिपोर्ट: हरिश चंद्र पांडेय
