सेवा संकल्प अभियान के तहत नागदा के 102 आंगनवाड़ी केंद्रों पर आंगन मिलन सेवा के तृतीय दिवस की गतिविधियां हुईं। कार्यकर्ता-सहायिका का सम्मान कर बच्चों और माताओं को फल व बिस्किट बांटे गए।
सेवा संकल्प अभियान: नागदा के 102 आंगनवाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन मिलन सेवा’ की गतिविधियां आयोजित
आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका का किया सम्मान, बच्चों व माताओं को बांटे बिस्किट और केले
नागदा। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नागदा शहर के 102 आंगनवाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन मिलन सेवा’ के द्वितीय चरण के तृतीय दिवस की विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। कार्यक्रम जिला कार्यक्रम अधिकारी बृजेश त्रिपाठी के निर्देशन एवं परियोजना अधिकारी मुकेश वर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
अभियान के तहत इंद्रपुरी कॉलोनी वार्ड क्रमांक 26 स्थित आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक 60 पर विशेष कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें अतिथि के रूप में मंडल अध्यक्ष प्रकाश जैन एवं वरिष्ठ पार्षद प्रतिनिधि, इंद्र फाउंडेशन के संस्थापक तथा लायंस क्लब नागदा के प्रथम उपाध्यक्ष नरेंद्र सेंगर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता मीना पटेल और सहायिका मिथिलेश तिवारी का शॉल, श्रीफल, पुष्पहार एवं मिठाई देकर स्वागत और सम्मान किया। इस दौरान आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से महिलाओं एवं बच्चों के हित में किए जा रहे कार्यों की सराहना भी की गई।
आंगन मिलन सेवा के अंतर्गत आयोजित तीनों दिवस की गतिविधियों में जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित कर उनकी सहभागिता सुनिश्चित की गई। इसका उद्देश्य आंगनवाड़ी केंद्रों की गतिविधियों से जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों को जोड़ते हुए सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम में आंगनवाड़ी अध्यक्ष गोविंद कुंवर, शकुंतला त्रिवेदी, ऐश्वर्या, वार्डवासी केपी सिंह और लायंस क्लब से सुनील मोडिया सहित क्षेत्र की महिलाएं, माताएं एवं बच्चे उपस्थित रहे।
इस अवसर पर इंद्र फाउंडेशन की ओर से बच्चों और माताओं के लिए बिस्किट एवं केले की व्यवस्था की गई। अतिथियों के हाथों इनका वितरण किया गया। उपस्थित बच्चों एवं महिलाओं ने कार्यक्रम में उत्साह के साथ सहभागिता की।
कार्यक्रम का संचालन नरेंद्र सेंगर ने किया। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से आंगनवाड़ी केंद्रों पर जनभागीदारी बढ़ाने के साथ महिलाओं और बच्चों से जुड़ी सेवाओं एवं गतिविधियों को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

