सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगनबाड़ी मिलन समारोह आयोजित
महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, टीकाकरण एवं सरकारी योजनाओं की दी जानकारी
Sarangpur । सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आंगनबाड़ी मिलन समारोह का आयोजन आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 12 (1) एवं 12 (3) में किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका उपाध्यक्ष श्रीमती भावना वर्मा और शिक्षिका मंगल वैध मुख्य रूप से उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने महिलाओं एवं बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण को लेकर जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। महिलाओं को बच्चों के नियमित टीकाकरण, संतुलित आहार और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच के महत्व की जानकारी दी गई। साथ ही बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए पोषणयुक्त आहार और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के बारे में भी बताया गया।
सरकारी योजनाओं की दी जानकारी
समारोह में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, सुकन्या योजना सहित शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी महिलाओं को दी गई। योजनाओं का लाभ लेने के लिए पात्रता और आवश्यक प्रक्रिया के संबंध में भी जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने वाली गतिविधियों के बारे में भी जानकारी दी गई। इनमें गोद भराई, स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता, रंगोली सहित अन्य स्थानीय गतिविधियां शामिल हैं। आयोजकों ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं और बच्चों से जुड़ी स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान
कार्यक्रम के समापन अवसर पर अतिथियों द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सीमा गोस्वामी और मनीता पाल तथा सहायिका रजनी वर्मा एवं बिलकिस बी को सम्मानित किया गया। उपस्थित लोगों ने आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से महिलाओं और बच्चों के लिए संचालित गतिविधियों की सराहना की।
