सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सेवा, संस्कार, पोषण एवं मातृ-शिशु कल्याण को जनसेवा से जोड़ने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के तहत 26 सितंबर से 5 अक्टूबर 2026 तक आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों, महिलाओं, अभिभावकों एवं समुदाय की सहभागिता से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनवाड़ी केंद्रों को जनसामान्य से जोड़ना तथा बच्चों और महिलाओं को विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी केंद्रों पर निर्धारित थीम के अनुसार रचनात्मक, मनोरंजक एवं जागरूकता आधारित गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा को लेकर अभिभावकों और समुदाय को जागरूक किया जा रहा है। साथ ही स्वच्छता, पोषण और बच्चों के समुचित विकास से जुड़े विषयों पर भी जानकारी दी जा रही है।

आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा कार्यक्रम में शामिल हितग्राहियों को शासन की विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी जा रही है। इसके अलावा बच्चों के विकास एवं पोषण की स्थिति पर चर्चा करते हुए अभिभावकों को आवश्यक सुझाव और जानकारी प्रदान की जा रही है।
विभाग का उद्देश्य आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के माध्यम से आंगनवाड़ी केंद्रों को समुदाय की सक्रिय सहभागिता का केंद्र बनाना और बच्चों एवं महिलाओं तक विभागीय सेवाओं की पहुंच को अधिक प्रभावी बनाना है।
इसी कड़ी में आंगनवाड़ी केंद्र बसा में भी आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सेक्टर पर्यवेक्षक मानकुंवर प्रजापति, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता प्रीति, आशा कार्यकर्ता, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और उपस्थित समुदाय को बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य एवं विभागीय सेवाओं से संबंधित जानकारी दी गई।
