आजीविका मिशन से जुड़कर आत्मनिर्भर बन रही महिलाएं, कई बनीं लखपति दीदी
पड़ाना। आजीविका मिशन से जुड़े स्व-सहायता समूहों की महिलाओं की साधारण सभा की बैठक स्थानीय समूह कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में महिलाओं को शासन की विभिन्न योजनाओं और स्व-सहायता समूहों के माध्यम से स्वरोजगार एवं आर्थिक सशक्तिकरण के अवसरों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा जिला मीडिया प्रभारी लोकेंद्र गुर्जर, भाजपा युवा नेता ओम परमार और आजीविका मिशन की ब्लॉक प्रबंधक हर्षा गौड़ मौजूद रहीं। ब्लॉक प्रबंधक हर्षा गौड़ ने आजीविका मिशन के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं और गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि स्व-सहायता समूहों से जुड़कर महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। समूहों के माध्यम से महिलाएं विभिन्न स्वरोजगार गतिविधियों से जुड़कर आय अर्जित कर रही हैं। शासन की योजनाओं का लाभ लेकर क्षेत्र की कई महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं और अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी हैं।
उन्होंने महिलाओं से अधिक से अधिक संख्या में स्व-सहायता समूहों से जुड़ने और आजीविका मिशन के माध्यम से संचालित योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने के साथ ही उन्हें आगे बढ़ने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन और अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
बैठक के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्व-सहायता समूह को सम्मानित कर पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में समूह की महिलाओं ने भी आजीविका मिशन से जुड़ने के बाद अपने अनुभव साझा किए।
इस अवसर पर समूह प्रेरक रानी जाटव, सरिता पुरी, रीना जाटव, सीएफ संगठन अध्यक्ष आशा देवी वर्मा सहित आजीविका मिशन से जुड़े स्व-सहायता समूहों की महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता, समूहों की गतिविधियों और शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर चर्चा की गई।
