एपीपीएस का चतुर्थ राष्ट्रीय अधिवेशन सम्पन्न, देशभर से जुटे 150 से अधिक प्रतिनिधि
मुरैना (मनोज जैन नायक)। जैसवाल जैन उपरोचियां समाज के बीच समाजसेवा और समाजोत्थान के लिए सक्रिय संस्था अखिल भारतवर्षीय अविवाहित प्रतिभाएं प्रस्तुति समूह (एपीपीएस) का चतुर्थ राष्ट्रीय अधिवेशन आगरा के श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर, ओल्ड ईदगाह में आयोजित किया गया। अधिवेशन में देश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 150 से अधिक प्रतिनिधियों ने सहभागिता की और समाजहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श करते हुए महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और चित्र अनावरण के साथ हुआ। दीप प्रज्वलन विकास जैन, रानू जैन, अनंत जैन, आन्वी जैन एवं समस्त खेरिया वाला परिवार द्वारा किया गया। चित्र अनावरण पवन कुमार एवं राजेंद्र कुमार जैन धौलपुर हाउस वाले आगरा द्वारा किया गया, जबकि महिला मंडल ने मंगलाचरण प्रस्तुत किया।

10 वर्षों से समाजसेवा में सक्रिय एपीपीएस
एपीपीएस के राष्ट्रीय संयोजक अजय जैन शिवपुरी ने संस्था की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि संस्था पिछले 10 वर्षों से जैसवाल जैन उपरोचियां समाज के बीच समाजोत्थान से जुड़े कार्यों में सक्रिय है। संस्था का प्रमुख उद्देश्य विवाह योग्य युवक-युवतियों के परिचय एवं बायोडाटा एकत्रित कर उन्हें समाज के लोगों तक पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज में तय हो रहे अनेक वैवाहिक संबंधों में एपीपीएस के प्रयासों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। संस्था के माध्यम से युवक-युवतियों और उनके परिवारों को उपयुक्त रिश्ते तलाशने में सहायता मिल रही है।

परिणय एप में नए अपडेट की जानकारी
जैसवाल जैन परिणय एप के एडमिन रूपेश जैन दिल्ली ने एप में किए जा रहे नए अपडेट की जानकारी दी। उन्होंने समाज के अधिक से अधिक लोगों से एप का उपयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि बायोडाटा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को और आसान बनाने के लिए जल्द ही डिजिटल फार्म की सुविधा भी शुरू की जाएगी।
राष्ट्रीय संयोजक रविंद्र जैन ‘जमूसर वाले’, भोपाल ने अधिवेशन का संचालन करते हुए कहा कि समाज के बीच कार्य करना चुनौतीपूर्ण है, लेकिन एपीपीएस परिवार अपने उद्देश्यों को पूरा करने के लिए दृढ़ संकल्पित है। उन्होंने समाजोत्थान के इस अभियान को निरंतर आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

देशभर से प्रतिनिधियों ने की सहभागिता
अधिवेशन में जगदीशचंद जैन, सगुनचंद जैन दिल्ली, सुरेशचंद जैन गुरुग्राम, रूपेश जैन ‘चांदी वाले’ आगरा, संजय जैन ‘शालीमार’ आगरा, अतुल जैन ओल्ड ईदगाह आगरा, अजित जैन ‘चांदी वाले’ आगरा, गौरव जैन ‘कांटे वाले’ आगरा, मनोज जैन बल्लो, रिखभचंद जैन सहित अनेक पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थित रहे।
धौलपुर, राजाखेड़ा, मनियां, कोटा, कस्वाथाना, दिल्ली, गुरुग्राम, इंदौर, भोपाल, देवास, मुरैना, अंबाह, फिरोजाबाद, गोहद, डबरा, लश्कर, ग्वालियर, मुरार, शिवपुरी, करैरा, नरवर, पोहरी, कोलारस, गुना, अशोकनगर, ईसागढ़, खनियाधाना, रन्नौद, झांसी और शमसाबाद सहित विभिन्न क्षेत्रों से 150 से अधिक प्रतिनिधि अधिवेशन में पहुंचे।
आगरा शैली के आयोजकों ने बाहर से आए प्रतिनिधियों का पीत पट्टिका, मणिमाला, तिलक एवं आकर्षक उपहार भेंटकर स्वागत और अभिनंदन किया। अधिवेशन में उपस्थित प्रतिनिधियों ने अपने अनुभव और सुझाव साझा करते हुए संस्था के आगामी कार्यों को लेकर सकारात्मक विचार रखे।

स्वर्गीय राजकुमार जैन को दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम के अंत में एपीपीएस परिवार के होनहार एवं ऊर्जावान मनियां क्षेत्रीय संयोजक स्वर्गीय राजकुमार जैन को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित समाजजनों ने उनके समाजसेवा कार्यों को याद करते हुए उनके योगदान को नमन किया।
राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी मनोज जैन नायक, मुरैना ने बताया कि राष्ट्रीय अधिवेशन की समस्त व्यवस्थाएं आगरा शैली के संरक्षकों एवं क्षेत्रीय संयोजकों द्वारा सुव्यवस्थित रूप से संभाली गईं। आवास, भोजन और बैठक सहित सभी व्यवस्थाएं व्यवस्थित रहीं।
आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले व्यवस्थापकों का एपीपीएस परिवार की ओर से स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मान किया गया। अधिवेशन ने समाज में आपसी संपर्क बढ़ाने, विवाह योग्य युवक-युवतियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने तथा सामाजिक एकता एवं समाजोत्थान की दिशा में सामूहिक प्रयासों को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।

