तहसील न्यायालय अंबाह में स्वास्थ्य शिविर आयोजित, न्यायाधीशों-अधिवक्ताओं और कर्मचारियों का हुआ परीक्षण
मुरैना/अंबाह (मनोज जैन नायक) । प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती संगीता मदान के मार्गदर्शन में सोमवार को तहसील न्यायालय अंबाह में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। तहसील विधिक सेवा प्राधिकरण अंबाह के तत्वावधान में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं और न्यायालयीन कर्मचारियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें समय पर स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराना था।
स्वास्थ्य शिविर में अंबाह न्यायालय में पदस्थ न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं और कर्मचारियों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विभिन्न आवश्यक जांच की और जांच के आधार पर संबंधित लोगों को चिकित्सकीय परामर्श भी दिया। जिन लोगों को आवश्यकता थी, उन्हें चिकित्सकों की सलाह के अनुसार दवाइयां भी वितरित की गईं।
शिविर के दौरान जिला न्यायाधीश श्री नवीन पराशर, श्री अभिषेक सिंह एवं श्री धीरेन्द्र सिंह मंडलोई सहित अंबाह न्यायालय के अन्य न्यायिक अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा शासकीय अधिवक्ता श्री रामसेवक मिश्रा और श्री गणेश सिंह तोमर, बार एसोसिएशन अंबाह के अध्यक्ष अधिवक्ता श्री बलवीर सिंह तोमर तथा सचिव श्री योगेंद्र तिवारी सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने शिविर में सहभागिता की।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य अधिकारी श्री प्रमोद शर्मा और चिकित्सक डॉ. निष्ठा चौबे ने न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं और न्यायालयीन कर्मचारियों का परीक्षण किया। चिकित्सकों ने स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को लेकर आवश्यक सलाह देते हुए नियमित स्वास्थ्य जांच और सावधानी बरतने पर जोर दिया।
आयोजकों के अनुसार न्यायालयीन कार्यों की व्यस्तता के बीच स्वास्थ्य को लेकर जागरूक रहना बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से न्यायालय परिसर में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया, ताकि न्यायिक क्षेत्र से जुड़े लोगों को स्वास्थ्य जांच के लिए अलग से समय निकालने में परेशानी न हो।
शिविर के माध्यम से स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ समय पर बीमारी की पहचान और आवश्यक उपचार की दिशा में भी पहल की गई। न्यायालय परिवार के अधिकारियों, अधिवक्ताओं और कर्मचारियों ने स्वास्थ्य विभाग की टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।
सभी संबंधित अधिकारियों, अधिवक्ताओं और कर्मचारियों के सहयोग से स्वास्थ्य शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन संपन्न हुआ।
