मनावर-बुधनी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 4.80 लाख रुपये का माल बरामद
संवाददाता :कौशिक पण्डित
Manawar-Budhni :बुधनी थाना, जिला सीहोर में दर्ज अपराध क्रमांक 192/2026, धारा 309(4) बीएनएस की विवेचना के दौरान मनावर पुलिस के सहयोग से बुदनी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में आरोपियों की तलाश के लिए मनावर पुलिस की चौकी उमरबन टीम ने कार्रवाई की।
थाना प्रभारी मनावर श्री राजेश यादव के मार्गदर्शन एवं चौकी प्रभारी श्री अश्विन चौहान के निर्देशन में पुलिस टीम ने आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी। पुलिस के अनुसार आरोपी अपने घर पर नहीं मिले। इसके बाद परिजनों की मौजूदगी में आरोपियों के घर की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान पुलिस ने बुदनी थाने के उक्त अपराध से संबंधित बताया गया सामान बरामद किया। इसमें एक सोने का रानी हार, एक जोड़ी सोने के झुमके, दो सोने की अंगूठियां, एक जोड़ी चांदी की पायल, एक चांदी का छल्ला और 12 हजार रुपये नकद शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार बरामद माल की कुल अनुमानित कीमत 4 लाख 80 हजार रुपये है। बरामद सामग्री को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर मामले की विवेचना में शामिल किया है। आरोपियों की तलाश और प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई को अपराध से संबंधित संपत्ति की बरामदगी के लिहाज से महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
