सिंहस्थ 2028 को लेकर फूलमाली समाज धर्मशाला उज्जैन की बैठक आयोजित
निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने का लिया निर्णय, समाजजनों ने सहयोग राशि देने का किया संकल्प
संवाददाता: मनोज कुमार पुष्पद
सारंगपुर। उज्जैन स्थित फूलमाली समाज धर्मशाला में रविवार को समाज की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेवी हेमराज बागवान ने की। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उज्जैन विकास प्राधिकरण अध्यक्ष रवि कुमार सोलंकी उपस्थित रहे। समाजजनों द्वारा मुख्य अतिथि का पुष्पमाला पहनाकर एवं साफा बांधकर स्वागत किया गया।
बैठक में मुख्य रूप से सिंहस्थ 2028 को ध्यान में रखते हुए धर्मशाला में चल रहे निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने पर चर्चा की गई। समाज के पदाधिकारियों और सदस्यों ने निर्णय लिया कि सिंहस्थ आयोजन से पहले धर्मशाला के सभी आवश्यक निर्माण कार्य पूरे कर लिए जाएंगे, ताकि बाहर से आने वाले समाजजनों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
सड़क निर्माण और स्वागत द्वार की रखी मांग
बैठक के दौरान धर्मशाला समिति अध्यक्ष हरिनारायण माली ने उज्जैन विकास प्राधिकरण अध्यक्ष रवि कुमार सोलंकी के समक्ष चारधाम मंदिर के सामने स्थित धर्मशाला के मुख्य मार्ग पर सड़क निर्माण एवं स्वागत द्वार बनाए जाने की मांग रखी।
इस पर श्री सोलंकी ने जल्द ही सड़क निर्माण कार्य करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने समाज की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए हरसंभव सहयोग करने की बात कही।
आय-व्यय और निर्माण कार्यों की दी जानकारी
धर्मशाला समिति सचिव राजेंद्र सुमन ने बैठक में धर्मशाला का आय-व्यय विवरण समाजजनों के समक्ष प्रस्तुत किया। साथ ही धर्मशाला परिसर में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की जानकारी विस्तार से दी गई।
उन्होंने समाज के लोगों से अपील की कि धर्मशाला निर्माण कार्य को समय पर पूरा करने के लिए सभी अपना सहयोग प्रदान करें। उन्होंने कहा कि यह धर्मशाला पूरे समाज की धरोहर है और इसके विकास में सभी की सहभागिता आवश्यक है।
समाजजनों ने दिया आर्थिक सहयोग
बैठक में उपस्थित समाज के विभिन्न प्रतिनिधियों ने धर्मशाला निर्माण के लिए अपने विचार रखे और सहयोग का संकल्प लिया। इस दौरान हाल निर्माण एवं कैमरा निर्माण कार्य के लिए कई समाजजनों ने आर्थिक सहयोग प्रदान किया।
सहयोग राशि में पार्षद राधेश्याम बागवान, तारागंज द्वारा 81,011 रुपये, सीहोर-शाजापुर क्षेत्रीय पंचायत अध्यक्ष गुलाब सिंह बागवान द्वारा पंचायत की ओर से 1,25,000 रुपये, भोपाल से एक कमरे के निर्माण हेतु 1,00,000 रुपये तथा अध्यक्ष हरिनारायण माली, भोपाल द्वारा 22,500 रुपये समिति को प्रदान किए गए।
इसके अलावा स्वर्गीय धन्नालाल माली एवं स्वर्गीय श्रीमती भंवरी बाई माली की स्मृति में उनके पुत्र-पुत्रियों द्वारा एक कमरे के निर्माण की घोषणा की गई। वहीं सकल पंच फूलमाली समाज सारंगपुर द्वारा भी एक कमरे के निर्माण की घोषणा की गई।
धन संग्रह के लिए बनाई जाएगी टीम
बैठक में निर्णय लिया गया कि सिंहस्थ 2028 से पहले धर्मशाला के सभी निर्माण कार्य पूरे करने के लिए समाज के विभिन्न जिलों में टीमें गठित की जाएंगी। ये टीमें समाजजनों से संपर्क कर धन संग्रह का कार्य करेंगी।
समाज के सदस्यों ने कहा कि धर्मशाला निर्माण कार्य समाज की एकता और सहयोग का प्रतीक है। सभी के सामूहिक प्रयासों से इसे बेहतर स्वरूप दिया जाएगा।
बैठक का संचालन सचिव राजेंद्र सुमन ने किया, जबकि आभार समिति उपाध्यक्ष ओम पुष्पद ने व्यक्त किया।
इस अवसर पर देवास, सीहोर, भोपाल, राजगढ़, शाजापुर, गुना, आगर, उज्जैन सहित विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
