मुरैना के बड़े जैन मंदिर में चोरी, भगवान मुनिसुव्रतनाथ की वेदी से डेढ़ किलो से अधिक चांदी के तीन छत्र गायब
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात, टोपी और कपड़े से चेहरा ढककर मंदिर में पहुंचा था आरोपी
मुरैना (मनोज जैन नायक)। शहर के प्रसिद्ध श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन पंचायती बड़ा मंदिर में चोरी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। अज्ञात चोर ने मंदिर परिसर में प्रवेश कर भगवान मुनिसुव्रतनाथ की वेदी से चांदी के तीन छत्र चोरी कर लिए। चोरी गए छत्रों का वजन डेढ़ किलो से अधिक बताया जा रहा है। घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
घटना के बाद जैन समाज में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। समाजजनों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गए चांदी के छत्र बरामद करने की मांग की है।
धर्मसभा के दौरान आरोपी ने दिया वारदात को अंजाम
जानकारी के अनुसार सोमवार शाम करीब 7:40 बजे एक अज्ञात व्यक्ति सिर पर टोपी लगाए और चेहरे को कपड़े से ढककर मंदिर परिसर में पहुंचा। उस समय मंदिर में आचार्यश्री के ससंघ सान्निध्य में शाम की धर्मसभा चल रही थी। मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे और कुछ लोग कार्यालय में भी बैठे हुए थे।
आरोपी ने मंदिर के मुख्य द्वार से प्रवेश किया। उसने सामान्य श्रद्धालु की तरह अपनी चप्पल उतारी और कुछ देर तक आसपास की गतिविधियों पर नजर रखी। इसके बाद वह मंदिर की दूसरी मंजिल पर पहुंच गया, जहां भगवान मुनिसुव्रतनाथ की वेदी स्थापित है।
कटर से काटे चांदी के छत्र
बताया जा रहा है कि आरोपी ने वेदी क्रमांक-7 पर पहुंचकर भगवान मुनिसुव्रतनाथ के ऊपर लगे तीन चांदी के छत्रों को निशाना बनाया। आरोपी ने कटर की सहायता से एक ही लड़ी में जुड़े तीनों चांदी के छत्र काट लिए और उन्हें लाल रंग के थैले में रख लिया।
इसके बाद आरोपी बिना किसी घबराहट के उसी रास्ते से मंदिर के बाहर निकल गया। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी की पूरी गतिविधि रिकॉर्ड हुई है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर उसकी पहचान करने का प्रयास कर रही है।
सुबह पूजा के समय मिली चोरी की जानकारी
मंगलवार सुबह जब श्रद्धालु नियमित अभिषेक और पूजा के लिए मंदिर पहुंचे, तब उन्हें भगवान की वेदी से चांदी के छत्र गायब मिले। इसके बाद मंदिर समिति को सूचना दी गई और तुरंत पुलिस को मामले से अवगत कराया गया।
बड़ा जैन मंदिर कमेटी के मंत्री विनोद जैन ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही मंदिर समिति के पदाधिकारी और समाज के लोग सिटी कोतवाली पहुंचे। वहां पुलिस को लिखित आवेदन देकर चोरी की घटना की जानकारी दी गई और कार्रवाई की मांग की गई।
पुलिस ने शुरू की जांच, खंगाले जा रहे सीसीटीवी फुटेज
सूचना मिलने के बाद सीएसपी दीपाली चंदोरिया और नगर निरीक्षक अतुल सिंह भदौरिया पुलिस टीम के साथ मंदिर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और चोरी से जुड़े साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया।
पुलिस ने मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। साथ ही चोरी की घटना में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता की संभावना को भी जांच के दायरे में रखा गया है।
जैन समाज में नाराजगी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
शहर के बीचों-बीच स्थित जैन मंदिर में चोरी की घटना सामने आने के बाद समाज के लोगों में नाराजगी है। श्रद्धालुओं का कहना है कि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
मंदिर समिति ने जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को भी आवेदन की प्रतियां भेजकर आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी और चोरी गए चांदी के छत्रों की बरामदगी की मांग की है।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही चोरी से जुड़े सभी तथ्यों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस टीम आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
