पारिवारिक विवाद के बाद खूनी खेल: पति ने पत्नी पर कुल्हाड़ी से किया हमला, दोनों पैर गंभीर रूप से जख्मी
संवाददाता विकास सैनी दैनिक स्वराज वाणी
भैरूंदा (हाथीघाट): भेरूंदा थाना क्षेत्र के ग्राम हाथीघाट में मंगलवार देर रात पारिवारिक विवाद ने अचानक खूनी मोड़ ले लिया। मामूली बात से शुरू हुए विवाद के बाद आरोपी पति ने सो रही अपनी पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस हमले में महिला के दोनों पैर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पीड़िता का इलाज एक निजी अस्पताल में जारी है, जबकि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, ग्राम हाथीघाट निवासी चंपालाल धनवारे (60) का मंगलवार रात पारिवारिक बातों को लेकर विवाद हुआ था। पहले आरोपी का अपने बेटे से विवाद हुआ, जिसके बाद वह गुस्से में घर से बाहर चला गया। देर रात करीब 1:00 बजे आरोपी वापस घर लौटा और कुछ देर बाद सो रही अपनी पत्नी लक्ष्मी बाई (55) पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
खाना बनाने को लेकर हुआ था विवाद
परिजनों और बहू सरिता ने बताया कि घटना से पहले घर में खाना बनाने को लेकर कहासुनी हुई थी। गुस्से में आकर आरोपी चंपालाल ने रसोई घर और गैस सिलेंडर पर ताला लगा दिया था, जिसकी वजह से पूरे परिवार को बिना खाना खाए ही सोना पड़ा था।
बेटे ने मां को अस्पताल पहुंचाया, पुलिस जांच में जुटी
देर रात कुल्हाड़ी के हमले के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर पहुंचे बेटे सुनील धनवारे ने परिजनों की मदद से लहूलुहान मां को तुरंत भैरूंदा के निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
थाना प्रभारी घनश्याम दांगी के अनुसार: > “प्रारंभिक जांच में मामला पूरी तरह से पारिवारिक विवाद से जुड़ा हुआ लग रहा है। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। फरार आरोपी की सरगर्मी से तलाश की जा रही है, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।“
