इंदौर। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने रविवार को कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कर्नाटक में मुख्यमंत्री सिद्दारमैया और उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार के बीच चल रहा सत्ता विवाद इस बात का संकेत है कि कांग्रेस बार-बार जनता से सबक मिलने के बावजूद सीखने को तैयार नहीं है।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व ने देश को नई दिशा दी है। उनके अनुसार, मोदी सरकार ने चहुंमुखी विकास, सुशासन और वैश्विक मंचों पर भारत की मजबूत छवि सुनिश्चित की है।

इसके विपरीत, उन्होंने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जिस राज्य में वह सत्ता में है, वहीं कुर्सी की खींचतान में उलझी हुई है। सिंधिया ने तंज कसा—“जनता कांग्रेस का भविष्य तय करती है, लेकिन पार्टी के कुछ नेता जनता की निगाहों से गायब हो चुके हैं और सीख लेने के लिए तैयार नहीं हैं।”
कर्नाटक में सिद्दारमैया पूरे पाँच वर्ष मुख्यमंत्री बने रहने की बात कह चुके हैं, जबकि डी.के. शिवकुमार को कथित तौर पर ढाई साल बाद पद सौंपने का वादा किया गया था। सरकार के 2.5 वर्ष पूरे होने के बाद यह विवाद और गहरा गया है।
