सीएम मोहन यादव सिंगल क्लिक से ट्रांसफर करेंगे 300 करोड़ की छात्रवृत्ति राशि, 52 लाख से अधिक विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार को सिंगल क्लिक के माध्यम से राज्यभर के 52 लाख से अधिक विद्यार्थियों के खातों में समेकित छात्रवृत्ति योजना के तहत 300 करोड़ रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर करेंगे। यह ऐतिहासिक कार्यक्रम दोपहर 12 बजे मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन सभागार में आयोजित होगा। इस मौके पर स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह और जनजातीय कार्य मंत्री कुंवर विजय शाह भी मौजूद रहेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस अवसर पर विद्यार्थियों और आमजन को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण प्रदेश के सभी जिलों के विद्यालयों में किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी इस छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम में शामिल हो सकें। इसके अलावा जिला और विकासखंड स्तर पर भी आयोजन होंगे, जिनमें स्थानीय विधायक और जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है।
छह विभागों की 20 प्रकार की छात्रवृत्तियां शामिल
समेकित छात्रवृत्ति योजना का संचालन स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा समग्र सामाजिक सुरक्षा मिशन के अंतर्गत किया जा रहा है। इस योजना में छह विभाग —
स्कूल शिक्षा
अनुसूचित जाति कल्याण
जनजातीय कार्य
विमुक्त-घुमक्कड़-अर्धघुमक्कड़ कल्याण
पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण
सामाजिक न्याय विभाग —
की कुल 20 प्रकार की छात्रवृत्तियां शामिल हैं।
प्रमुख छात्रवृत्तियां
सीएम मोहन यादव द्वारा ट्रांसफर की जा रही राशि में स्कूल शिक्षा विभाग की सात प्रमुख छात्रवृत्तियां भी शामिल हैं —
सामान्य निर्धन वर्ग छात्रवृत्ति
सुदामा प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति
स्वामी विवेकानंद पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति
सेवानिवृत्त शासकीय कर्मचारियों के बच्चों के लिए छात्रवृत्ति
पितृहीन कन्याओं के लिए छात्रवृत्ति
इकलौती बेटी की शिक्षा विकास छात्रवृत्ति

