गोवा में वेदिका महेश रावत ने लहराया परचम, तीन पदक जीतकर बढ़ाया आलीराजपुर का मान
दैनिक स्वराज वाणी ब्यूरो रिपोर्ट | खलील मंसूरी
आलीराजपुर। प्रतिभा, मेहनत और लगातार अभ्यास के दम पर आलीराजपुर की युवा निशानेबाज वेदिका महेश रावत ने गोवा में आयोजित 13वीं वेस्ट जोन प्री-नेशनल शूटिंग टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। 50 मीटर राइफल शूटिंग में वेदिका ने अलग-अलग वर्गों में तीन पदक हासिल किए।
वेदिका ने यूथ वर्ग में रजत पदक, जबकि जूनियर और सीनियर वर्ग में कांस्य पदक अपने नाम किया। एक ही प्रतियोगिता में तीन अलग-अलग वर्गों में पदक जीतना उनकी प्रतिभा और निरंतर मेहनत का प्रमाण है।
नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप के लिए चयन
गोवा में बेहतरीन प्रदर्शन के बाद वेदिका महेश रावत का नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप के लिए चयन हुआ है। अब वह राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। इस उपलब्धि के बाद परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

पहले भी हासिल कर चुकी हैं कई उपलब्धियां
वेदिका इससे पहले भी प्रदेश स्तर की विभिन्न शूटिंग प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक जीत चुकी हैं। लगातार प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के चलते उन्होंने शूटिंग के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है।
परिवार और क्षेत्र में खुशी
वेदिका, आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष महेश पटेल एवं जोबट विधायक सेना महेश पटेल की सुपुत्री हैं। बेटी की इस उपलब्धि पर परिवार को गर्व है। जनप्रतिनिधियों, खेलप्रेमियों और क्षेत्रवासियों ने वेदिका को बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

बेटियों के लिए बनी प्रेरणा
वेदिका की सफलता आलीराजपुर के लिए गौरव का विषय होने के साथ-साथ क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणादायक है। उन्होंने अपनी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास से साबित किया है कि बेटियां खेल के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकती हैं।
अब खेलप्रेमियों की नजरें आगामी नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप पर हैं, जहां वेदिका से शानदार प्रदर्शन और पदक की उम्मीद की जा रही है।
