पूर्व कैबिनेट मंत्री रामपाल सिंह राजपूत ने छीतापार में किया स्वागत, PWD रेस्ट हाउस में बाइकर्स पर हुई पुष्पवर्षा
**बम्होरी।** प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित **सेवा संकल्प अभियान** के तहत निकाली जा रही ‘वडनगर से वाराणसी’ बाइक यात्रा रविवार को बम्होरी पहुंची। यात्रा के बम्होरी आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने उत्साह के साथ बाइकर्स का स्वागत किया।
बम्होरी पहुंचने से पहले सिलवानी-बेगमगंज क्षेत्र के पूर्व कैबिनेट मंत्री **ठाकुर रामपाल सिंह राजपूत** ग्राम छीतापार पहुंचे और बाइक यात्रा का स्वागत किया। इसके बाद वे स्वयं बाइक से यात्रा के साथ बम्होरी पहुंचे। यहां PWD रेस्ट हाउस में आयोजित कार्यक्रम में बाइकर्स का माला पहनाकर स्वागत किया गया और पुष्पवर्षा की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में **लोक स्वास्थ्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल** तथा **भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा** मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री ठाकुर रामपाल सिंह राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से शुरू हुई सेवा संकल्प यात्रा उन संकल्पों को पूरा करने की दिशा में एक पहल है, जो भारत के विकास की नींव मजबूत करने और सशक्त भारत के निर्माण से जुड़े हैं।

लोक स्वास्थ्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने कहा कि देश और समाज की सेवा करने का संकल्प ही सेवा संकल्प है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक भारतवासी को देश की सेवा का संकल्प लेना चाहिए, ताकि भारत निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहे।
भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान और उनके जन्मदिवस से शुरू हुई सेवा संकल्प यात्रा विकसित भारत की भावना को प्रदर्शित करती है। उन्होंने कहा कि देश में शांति और विकास के वातावरण को आगे बढ़ाने के लिए सभी को अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यक्रम का मंच संचालन **पंकज शर्मा** ने किया। कार्यक्रम के समापन पर भाजपा मंडल अध्यक्ष **हरनाम सिंह पटेल** ने मुख्य अतिथियों, बाइकर्स, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का आयोजन पूर्व कैबिनेट मंत्री ठाकुर रामपाल सिंह राजपूत एवं मंडल अध्यक्ष हरनाम सिंह पटेल के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, युवा एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
