दिसंबर में अम्बाह में होगा प्रतिभा सम्मान समारोह, विधवा मातृशक्ति के स्वावलंबन पर भी महत्वपूर्ण निर्णय
मुरैना/आगरा (मनोज जैन नायक) : अखिल भारतीय श्री दिगंबर जैन (उप) सेवा न्यास की वार्षिक साधारण सभा रविवार 13 सितंबर को आगरा के एम.डी. जैन कॉलेज स्थित नारायण भवन में उत्साह, सौहार्द और वात्सल्यपूर्ण वातावरण में आयोजित हुई। सभा की अध्यक्षता न्यास अध्यक्ष प्रदीप जैन (पी.एन.सी.) ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ जगदीश प्रसाद जैन के मंगलाचरण से हुआ।
सभा के दौरान नवीन कार्यकारिणी की घोषणा के साथ दिसंबर में अम्बाह में प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित करने, न्यासियों की सपरिवार गोलाकोट तीर्थ यात्रा कराने तथा निराश्रित एवं विधवा महिलाओं को स्वावलंबी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत
सभा में कार्याध्यक्ष सीए कमलेश जैन, गुरुग्राम ने पिछली बैठक की कार्यवाही के साथ वित्तीय वर्ष 2025-26 का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया। उपस्थित न्यासियों ने इसे सर्वसम्मति से पारित किया।
इस अवसर पर न्यास की ओर से किए गए सेवा कार्यों और विभिन्न गतिविधियों का प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रस्तुतीकरण भी किया गया। सिद्ध क्षेत्र सोनागिरि में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह तथा मोक्ष सप्तमी के अवसर पर तीर्थराज पर्वत पर कराई गई वात्सल्य भोजन व्यवस्था की जानकारी भी सदस्यों के समक्ष रखी गई।
नवीन कार्यकारिणी की घोषणा
न्यास अध्यक्ष प्रदीप जैन ने संगठन को नई ऊर्जा और गति देने के उद्देश्य से नवीन कार्यकारिणी की घोषणा की। नई कार्यकारिणी में कार्याध्यक्ष सीए कमलेश जैन, गुरुग्राम, महामंत्री संगठन रविंद्र जैन जमूसर वाले, भोपाल, महामंत्री प्रशासन रूपेश जैन, उत्तम नगर दिल्ली, कोषाध्यक्ष सीए शैलेन्द्र जैन, दिल्ली तथा प्रधान संपादक जगदीशचंद जैन, आगरा को जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा कार्यकारिणी में 14 मार्गदर्शक, 12 उपाध्यक्ष, तीन मंत्री, चार सह-कोषाध्यक्ष, एक संपादक, एक प्रकाशक, एक मीडिया प्रभारी, एक ऑडिटर, 24 विभिन्न विभागों के संयोजक तथा छह न्यासियों को कार्यकारिणी सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।

दिसंबर में अम्बाह में होगा प्रतिभा सम्मान
सभा में न्यास के प्रमुख कार्यक्रम प्रतिभा सम्मान समारोह को लेकर भी निर्णय लिया गया। अम्बाह के जिनेश जैन, विमल जैन ‘राजू’ और संजीव जैन की भावना का सम्मान करते हुए इस वर्ष प्रतिभा सम्मान समारोह अम्बाह नगर में दिसंबर में आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नवीन जैन (पी.एन.सी.) को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित करने का अनुरोध किए जाने की जानकारी भी दी गई।
सपरिवार गोलाकोट तीर्थ यात्रा का निर्णय
न्यासियों के बीच आपसी मेलजोल, वात्सल्य और पारिवारिक भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से अतिशय क्षेत्र गोलाकोट की सपरिवार तीर्थ यात्रा आयोजित करने का निर्णय लिया गया। यात्रा की तिथि और अन्य व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी शीघ्र साझा की जाएगी

विधवा मातृशक्ति के स्वावलंबन पर जोर
वार्षिक सभा का प्रमुख आकर्षण विधवा मातृशक्ति सम्मान एवं स्वावलंबन योजना पर हुई चर्चा रही। न्यास का उद्देश्य समाज की विधवा माताओं और बहनों को सम्मानजनक जीवन, सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक संबल उपलब्ध कराना है।
योजना के तहत जरूरतमंद महिलाओं को छोटा व्यवसाय या रोजगार शुरू कर आत्मनिर्भर बनने के लिए 25 हजार रुपए तक की स्वावलंबन सहायता देने का प्रस्ताव रखा गया। यह राशि पुनरावर्ती कोष यानी रिवॉल्विंग फंड के रूप में उपलब्ध कराई जाएगी। लाभार्थी के आत्मनिर्भर होने के बाद राशि वापस लेकर किसी अन्य जरूरतमंद महिला की सहायता की जाएगी।
सदस्यों ने सहयोग का भरोसा दिलाया
योजना पर चर्चा के दौरान पदाधिकारियों और न्यासियों ने उत्साहपूर्वक सहयोग की भावना व्यक्त की। कई सदस्यों ने तत्काल स्वेच्छा से सहयोग राशि देने की घोषणा भी की। सभा में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि योजना की विस्तृत नियमावली तैयार कर इसका जल्द क्रियान्वयन किया जाएगा।
न्यास पदाधिकारियों ने कहा कि विधवा और निसहाय माताओं का हाथ थामकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना ही सच्ची समाजसेवा है। यह योजना जरूरतमंद मातृशक्ति के आत्मसम्मान और स्वावलंबन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
वात्सल्य भोज के साथ हुआ समापन
सभा के अंत में न्यास अध्यक्ष प्रदीप जैन ने सभी न्यासियों और उपस्थित सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा कार्यक्रम के समापन की घोषणा की। इसके बाद सभी उपस्थितजनों ने वात्सल्य भोज का आनंद लिया।

