‘India Ke Top 1%’ में अनिल कपूर का खुलासा: बचपन में पिता की फिल्म ‘टार्ज़न कम्स टू दिल्ली’ के लिए दिया था पहला शॉट
‘इंडियन टार्ज़न कपल’ से बातचीत में याद आया पुराना किस्सा
मुंबई, नवंबर 2026। स्टार प्लस के शो ‘India Ke Top 1% – द अनिल कपूर शो’ में होस्ट अनिल कपूर अक्सर कंटेस्टेंट्स से हंसी-मज़ाक के साथ अपनी जिंदगी के किस्से भी साझा करते हैं। आने वाले एपिसोड में ‘इंडियन टार्ज़न कपल’ के नाम से मशहूर जोड़ी से बातचीत के दौरान भी ऐसा ही हुआ। ‘टार्ज़न’ नाम सुनते ही अनिल को अपने पिता, निर्माता सुरिंदर कपूर की याद आ गई। उन्होंने 60 साल से भी पुराना एक किस्सा सुनाया, जब बचपन में उन्होंने पहली बार किसी फिल्म के लिए कैमरे का सामना किया था।
कुतुब मीनार के सामने दिया था पहला शॉट
अनिल ने बताया कि उन्होंने अपना पहला शॉट पिता की 1965 की फिल्म ‘टार्ज़न कम्स टू दिल्ली’ के लिए दिया था। उस दिन उन्होंने कुतुब मीनार के सामने तस्वीरें भी खिंचवाई थीं। फिल्म में टार्ज़न का किरदार दिग्गज पहलवान और अभिनेता दारा सिंह ने निभाया था।
दारा सिंह को बताया दिलदार इंसान
उस दिन को याद करते हुए अनिल ने बड़े प्यार से दारा सिंह के बारे में बताया कि वे कितने दिलदार इंसान थे। अनिल कपूर ने कहा कि सबसे पहली बार उन्होंने ‘टार्ज़न कम्स टू दिल्ली’ में ही कैमरा फेस किया था और यह बात किसी को नहीं पता। उनके मुताबिक वे कुतुब मीनार के सामने गए थे, वहां तस्वीरें ली थीं और वहीं फिल्म के लिए एक शॉट दिया था। ‘टार्ज़न’ का नाम सुनते ही उन्हें पिताजी और उस फिल्म की याद आ गई।
अनिल ने कहा कि दारा सिंह उस फिल्म के हीरो थे। उन्होंने रुस्तम-ए-हिंद दारा सिंह को उन सबसे बेहतरीन और नेक इंसानों में से एक बताया, जिन्हें उन्होंने जाना, और कहा कि वे बहुत बड़े दिल के और अच्छे इंसान थे।
कब और कहां देखें
‘इंडिया के टॉप 1% – द अनिल कपूर शो’ इस शनिवार और रविवार रात 8 बजे स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर देखा जा सकता है।
