सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता आयोजित
शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सारंगपुर में छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा, विजेताओं को प्रमाण-पत्र देकर किया सम्मानित
Sarangpur , 19 सितंबर 2026। शासन के निर्देशानुसार चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सारंगपुर में शनिवार को ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए भारत के भविष्य को लेकर अपने विचार और कल्पनाओं को चित्रों एवं भाषण के माध्यम से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष महेश जी पुष्पपद एवं उनकी टीम अतिथि के रूप में उपस्थित रही। अतिथियों ने छात्राओं की प्रस्तुतियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता के दौरान छात्राओं ने अपने सपनों के भारत की कल्पना को विभिन्न विषयों के माध्यम से सामने रखा।
चित्रकला प्रतियोगिता में रानू परिहार प्रथम
‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में छात्राओं ने रंगों के माध्यम से विकसित और बेहतर भारत की अपनी कल्पना को प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में कु. रानू परिहार ने प्रथम स्थान, कु. हर्षिता मालवीय ने द्वितीय स्थान और कु. मोनिका राजपूत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
भाषण प्रतियोगिता में संजना मालवीय अव्वल
भाषण प्रतियोगिता में छात्राओं ने भारत के विकास, शिक्षा, राष्ट्र निर्माण और भविष्य की संभावनाओं पर अपने विचार व्यक्त किए। इसमें कु. संजना मालवीय ने प्रथम स्थान, कु. मोनिका राजपूत ने द्वितीय स्थान तथा कु. तनीषा मीणा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
विजेताओं को दिए प्रमाण-पत्र
चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को अतिथियों द्वारा प्रमाण-पत्र वितरित कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए अतिथियों ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति की क्षमता विकसित करने में सहायक होती हैं।
कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित छात्राएं उपस्थित रहीं। आयोजन के अंत में विद्यालय के प्राचार्य दिनेश गुप्ता ने अतिथियों एवं सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
